अमेरिकी नागरिकों को उत्तर कोरिया न जाने की सलाह, विदेश विभाग ने गिरफ्तारी और हिरासत का बताया खतरा

Aug 06, 2026 - 16:04
0 1
अमेरिकी नागरिकों को उत्तर कोरिया न जाने की सलाह, विदेश विभाग ने गिरफ्तारी और हिरासत का बताया खतरा
अमेरिकी नागरिकों को उत्तर कोरिया न जाने की सलाह, विदेश विभाग ने गिरफ्तारी और हिरासत का बताया खतरा

वाशिंगटन/सोल। अमेरिका ने एक बार फिर अपने नागरिकों को उत्तर कोरिया की यात्रा नहीं करने की सख्त सलाह दी है। अमेरिकी विदेश विभाग का कहना है कि उत्तर कोरिया में अमेरिकी नागरिकों के गिरफ्तार होने, लंबे समय तक हिरासत में रखे जाने या मनमाने ढंग से बंदी बनाए जाने का गंभीर खतरा बना हुआ है।

योनहाप न्यूज एजेंसी ने विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता से बातचीत के आधार पर इसकी जानकारी दी। उनसे उत्तर कोरिया के मानवाधिकार मामलों के पूर्व विशेष दूत रॉबर्ट किंग की अपील को लेकर सवाल किया गया था। किंग ने 2017 से लगे ट्रैवल बैन में ढील की सिफारिश की थी। प्रवक्ता ने कहा इसके बावजूद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मानते हैं कि उनके लोगों की रक्षा और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। यही वजह है कि ट्रैवल एडवाइजरी में लेवल 4 चेतावनी बरकरार है।

प्रवक्ता के अनुसार, विदेश विभाग ने अपनी ताजा ट्रैवल एडवाइजरी में उत्तर कोरिया के लिए 'लेवल-4: डू नॉट ट्रैवल' (यात्रा न करें) चेतावनी को बरकरार रखा है। यह अमेरिकी सरकार की सबसे कड़ी यात्रा चेतावनी मानी जाती है।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, उत्तर कोरिया में स्थानीय कानूनों को मनमाने तरीके से लागू किया जा सकता है। विदेशी नागरिकों, खासकर अमेरिकियों, को बिना स्पष्ट कारण हिरासत में लिए जाने का जोखिम बना रहता है। ऐसे मामलों में अमेरिकी सरकार की सहायता पहुंचाना भी बेहद मुश्किल होता है, क्योंकि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं।

विदेश विभाग ने यह भी याद दिलाया कि 1 सितंबर 2017 से अमेरिकी पासपोर्ट का उत्तर कोरिया की यात्रा के लिए इस्तेमाल प्रतिबंधित है। केवल विशेष परिस्थितियों में ही विदेश विभाग की पूर्व अनुमति मिलने पर यात्रा की जा सकती है।

अमेरिका ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे उत्तर कोरिया की यात्रा की कोई योजना न बनाएं और यदि किसी कारणवश वहां जाने की अनुमति मिली हो, तो भी संभावित सुरक्षा जोखिमों को गंभीरता से लें।

अमेरिकी सरकार समय-समय पर उत्तर कोरिया को लेकर यात्रा सलाह की समीक्षा करती है। ताजा समीक्षा के बाद भी उसने माना है कि वहां की सुरक्षा स्थिति और विदेशी नागरिकों के साथ व्यवहार को देखते हुए यात्रा करना अत्यधिक जोखिम भरा बना हुआ है।

पिछले महीने, विभाग ने संघीय रजिस्टर पर एक नोटिस पोस्ट की थी जिसमें ट्रैवल बैन को अगले साल 31 अगस्त तक बढ़ाने की घोषणा की गई थी, क्योंकि मौजूदा नियम इस साल 31 अगस्त को खत्म होने वाला है। बैन को हर साल बढ़ाया जाता रहा है।

इनपुट :आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User