वाराणसी: रनवे में आई अचानक गड़बड़ी, काशी में हवा में चक्कर लगाता रहा विमान, वापस लौटा
- कई फ्लाइट्स डायवर्ट; काउंटर पर यात्रियों की भीड़ लगी.
वाराणसी: मंगलवार दोपहर एयरपोर्ट के रनवे में अचानक खराबी आ गई। एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल रनवे को बंद कर सभी फ्लाइट्स को डायवर्ट करना शुरू किया। इस दौरान दिल्ली से आई इंडिगो की फ्लाइट (6E-5025) करीब आधे घंटे तक आसमान में चक्कर लगाती रही, लेकिन उसे लैंडिंग की इजाजत नहीं मिली। बाद में फ्लाइट को अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया।
ऐसे ही इंडिगो की अहमदाबाद से आ रही फ्लाइट (6E-6805) और नवी मुंबई से आ रही फ्लाइट (6E-2442) को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी के लिए उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट्स को वहीं रोक दिया गया। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। एयरलाइंस के काउंटर पर यात्रियों की भीड़ लग गई।
डायवर्ट हुई फ्लाइट्स के यात्रियों को लेने पहुंचे परिजन काफी परेशान दिखे। फोन कर उनका हाल-चाल जानते रहे। हालांकि, रनवे में किस तरह की खराबी आई थी, इसकी आधिकारिक जानकारी एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से अब तक जारी नहीं की गई है। प्रशासन से जल्द से जल्द विमानों का संचालन बहाल कराने का दावा कर रहा है।
पायलट ने ATC को दी सूचना, अधिकारी तुरंत सक्रिय हुए
- वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि मंगलवार दोपहर एक फ्लाइट के लैंड होने के बाद पायलट ने ATC को रनवे पर गड़बड़ी के बारे में बताया। इसके बाद एयरपोर्ट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जो विमान वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंच चुके थे, उन्हें डायवर्ट किया गया।
- उन्होंने बताया- वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) पर रनवे के विस्तार का काम चल रहा है। ऐसे रात में रनवे बंद रहता है। सिर्फ दिन में ही विमानों का संचालन किया जाता है। रात में काम के दौरान ही कुछ सामान रनवे पर आ गया था। इसे हटाने और रनवे की सफाई का काम कराया जा रहा है।
- एयरपोर्ट प्रशासन ने पहले दोपहर 3 बजे से उड़ानों का संचालन शुरू होने की बात कही थी, लेकिन निर्धारित समय तक सफाई पूरी नहीं हो सकी। इसके चलते 3 बजे के बाद भी विमानों की लैंडिंग शुरू नहीं हुई है। एयरपोर्ट प्रशासन की टीम रनवे को जल्द से जल्द साफ करने में जुटी है।
एयरलाइंस काउंटर पर यात्रियों की भीड़
फ्लाइट्स डायवर्ट होने से एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री काफी परेशान नजर आए। लोग एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचकर उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेते रहे। वहीं, कई यात्री फोन पर एयरलाइन अधिकारियों और अपने घरवालों से संपर्क कर अपडेट लेते नजर आए।
रनवे 4,000 मीटर से ज्यादा लंबा किया जा रहा
- वाराणसी एयरपोर्ट के विस्तार का काम करीब 2,870 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है। इसके तहत नई और बड़ी टर्मिनल बिल्डिंग बनाई जा रही है। इससे एयरपोर्ट की यात्री क्षमता बढ़ेगी। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
- प्रोजेक्ट के तहत मौजूदा 2,750 मीटर लंबे रनवे को बढ़ाकर 4,000 मीटर से ज्यादा किया जा रहा है। इससे बड़े विमानों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा एयरपोर्ट पर देश का पहला रनवे अंडरपास (टनल) भी बनाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)