एसबीआई का बड़ा कदम, बैंक हड़ताल अवधि में 28 से 30 सितंबर तक नहीं लगेगा एटीएम लेनदेन पर शुल्क
मुंबई। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने 28-30 सितंबर तक की अवधि में सभी एटीएम लेनदेन को नि:शुल्क कर दिया है। बैंक ने यह कदम ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया है, जिससे हड़ताल की अवधि में लेनदेन करने में कोई परेशानी न हो।
SBI ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
एसबीआई की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर की गई पोस्ट में बताया गया कि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान भी आपकी बैंकिंग जरूरतों के लिए एसबीआई की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
पोस्ट में बताया कि बैंकिंग सेवाओं को सुविधाजनक बनाने के लिए एसबीआई प्रतिबद्ध है। इसके तहत 28 से 30 सितंबर, 2026 तक एटीएम शुल्क माफ रहेगा। ग्राहकों द्वारा किसी भी बैंक के एटीएम के माध्यम से लेनदेन करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
रविवार को भी खुली रहेंगी सभी ब्रांच
बैंक ने आगे कहा कि हड़ताल के चलते ग्राहकों की सुविधाओं के लिए सभी ब्रांच रविवार को भी खुली रहेंगी।
इसके अलावा, हड़ताल की अवधि में यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस और एनईएफटी भुगतान जैसी ऑनलाइन भुगतान की सुविधाएं यथावत जारी रहेंगी।
क्यों बुलाई गई हड़ताल
इससे पहले बुधवार को वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई है। यह हड़ताल 26 और 27 सितंबर की वीकेंड की छुट्टियों के ठीक बाद हो रही है, इसलिए सरकार ने नागरिकों की बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पहले से ही जरूरी कदम उठाए हैं।
RBI ने दी सभी शाखाओं को चालू रखने की मंजूरी
यह सुनिश्चित करने के लिए कि आम लोगों की बैंकिंग से जुड़ी जरूरी जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार, 27 सितंबर 2026 को सामान्य रूप से काम करेंगे।
बयान में आगे कहा गया कि भारतीय रिजर्व बैंक ने सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर को पूरी तरह से चालू रखने की मंजूरी दे दी है।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)