बागपत में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को गोली, आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा जवान

Nov 11, 2026 - 16:51
Updated: 5 days ago
0 3
बागपत में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को गोली, आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा जवान
बागपत में राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को गोली

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद एक युवक ने फायरिंग कर दी, जिसमें राष्ट्रपति भवन में तैनात जवान सौरभ तोमर के सिर में गोली लग गई। छुट्टी पर गांव आए सौरभ की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। घटना में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खदाना गांव की है। जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात करीब 9:15 बजे गांव में लोग त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान जनकराज के बेटे विनीत, सौरभ और मिंटू अपने घर के सामने पटाखे चला रहे थे।

आरोप है कि तभी वहां से गुजर रहे इंद्रपाल के बेटे धीरज से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

सिर में गोली लगते ही मची अफरा-तफरी

परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान धीरज ने बंदूक निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सौरभ तोमर के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

करीब 26-27 वर्षीय सौरभ राष्ट्रपति भवन में सैनिक के पद पर तैनात हैं। वह दीपावली मनाने के लिए छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे।

लाठी-डंडों से भी हुआ हमला, कई घायल

आरोप है कि धीरज का भाई मोनू उर्फ प्रवीण कुमार भी लाठी लेकर मौके पर पहुंच गया और उसने विनीत पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रमाला थाना पुलिस के साथ सीओ बड़ौत और अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों को पहले बड़ौत ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

धीरज और मोनू समेत तीन की तलाश

पीड़ित पक्ष की ओर से जनकराज ने रात में ही थाने में तहरीर देकर धीरज और उसके भाई मोनू उर्फ प्रवीण कुमार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जांच के दौरान विशेष पुत्र राजीव का नाम भी सामने आया है। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। थाना प्रभारी राकेश शर्मा के अनुसार, धीरज, मोनू उर्फ प्रवीण कुमार और विशेष की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप

इस मामले में अनवर गांव के रहने वाले घायल विकास ने भी दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि दिन में पटाखे छोड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद शाम को कुछ लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ पहुंचे और हमला कर दिया।

विकास के मुताबिक, उसके सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि परिवार की एक महिला का हाथ टूट गया। उसने दावा किया कि उनके पक्ष के सात से आठ लोग घायल हुए हैं। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

गांव में तनाव, पुलिस प्रशासन अलर्ट

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है। फिलहाल सौरभ तोमर की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह मेरठ के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं। वहीं, पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
चौधरी

( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User