Hockey World Cup Exit: भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम विश्व कप से बाहर; भड़के पीआर श्रीजेश

फआईएच हॉकी विश्व कप 2026 (FIH Hockey World Cup) में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों के सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने के बाद भारतीय हॉकी में जवाबदेही और तैयारियों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व दिग्गज गोलकीपर और दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पीआर श्रीजेश (PR Sreejesh) ने भारतीय हॉकी प्रबंधन और कोचिंग व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। जानिए श्रीजेश के तीखे सवालों और दोनों टीमों के सफर से जुड़ी पूरी विस्तृत रिपोर्ट।

Aug 25, 2026 - 12:48
0 0
Hockey World Cup Exit: भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम विश्व कप से बाहर; भड़के पीआर श्रीजेश

नई दिल्ली। भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम हॉकी विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। दोनों ही टीमें दूसरे राउंड से बाहर हुईं। भारतीय पुरुष टीम को दूसरे राउंड में नीदरलैंड और अर्जेंटीना से मिली हार के बाद बाहर होना पड़ा। विश्व कप से बाहर होने के बाद पुरुष हॉकी टीम का 1975 से हॉकी विश्व कप में पदक जीतने का इंतजार और बढ़ गया। 

भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम के विश्व कप से बाहर होने के बाद पुरुष टीम के पूर्व गोलकीपर और ओलंपिक पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे पीआर श्रीजेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है और भारतीय हॉकी में जिम्मेदारी के स्तर पर सवाल उठाए हैं। 

श्रीजेश ने एक्स पर लिखा, "चिंता मत करो, वर्ल्ड कप से कोई फर्क नहीं पड़ता। एशियन गेम्स आ रहे हैं। वहां पदक जीतो, और फिर हम लॉस एंजिल्स 2028 के सपने देखना शुरू कर सकते हैं। जाहिर है, वर्ल्ड कप में जो कुछ भी गलत हुआ, उसे कवर करने के लिए यह काफी है।"

उन्होंने आगे लिखा, "वर्ल्ड कप से ठीक पहले महिला टीम के मुख्य कोच छुट्टी पर थे — और लड़कियों ने फिर भी जी-जान से लड़ाई लड़ी और उम्मीदों से बढ़कर किया। खिलाड़ियों को इसका श्रेया जाता है, लेकिन जिम्मेदारी कहां है? क्या हम सच में उम्मीद करते हैं कि टीम अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी जब मुख्य कोच तैयारी के आखिरी चरण में बाहर हो?"

श्रीजेश ने लिखा, "पुरुषों की टीम एक शीर्ष टीम से हार जाती है। यह सीखने का अनुभव है। एक एशियन टीम को हरा देती है शानदार जीत। अच्छी हॉकी खेलती है। अच्छा प्रदर्शन। यहां एक मुश्किल सवाल है। क्या हम अच्छी हॉकी खेलने के लिए टीम बना रहे हैं, या दुनिया की श्रेष्ठ टीमों के खिलाफ जीतने में काबिल टीम? सीखने, अच्छी हॉकी और आने वाले टूर्नामेंट के पीछे छिपना बंद करो। वर्ल्ड कप कोई रिहर्सल नहीं है। यह वर्ल्ड कप है।"

उन्होंने अंत में लिखा, "मुश्किल सवाल कौन पूछेगा? जिम्मेदारी की मांग कौन करेगा? सबसे जरूरी बात, क्या सच में किसी को परवाह है?" 

पीआर श्रीजेश द्वारा सोशल मीडिया पर उठाए सवालों ने भारतीय हॉकी की कमियों को उजागर कर दिया है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User