नितिन नवीन का बयान: राहुल गांधी और CJP पर देश में अस्थिरता फैलाने का आरोप

Oct 10, 2026 - 11:31
0 7
नितिन नवीन का बयान: राहुल गांधी और CJP पर देश में अस्थिरता फैलाने का आरोप
Nitin Navin

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आरोप लगाए हैं कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के सहयोगी सीजेपी नेता देश में बहुत ही खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। नितिन नवीन ने यह भी आरोप लगाए कि विपक्ष के लोग राजनीतिक उद्देश्यों के साथ-साथ विदेशी ताकतों के इशारे पर यह कर रहे हैं। 

 नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि ये दो अराजकतावादी समूह हैं।

दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मीडिया से बात करते कहा, "आज देश में बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। देश की 140 करोड़ जनता, जो सुख-शांति के साथ भारत के विकास में सहयोग कर रही है, उसे अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।"नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि ये दो अराजकतावादी समूह हैं, जिनमें एक 'इंडी गठबंधन' के नेता राहुल गांधी और दूसरे गुट का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल के सहयोगी सीजेपी कर रही है।

 भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "मैं इन दोनों गुटों को स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि भारत की जनता पूरी तरह से आपके इन उद्देश्यों को देख रही है। आज जो आपकी अराजकता की प्रतिस्पर्धा चल रही है कि कौन इस देश में अधिक अस्थिरता पैदा कर सकता है, आपके ये मंसूबे हम पूरे नहीं होंगे।

"भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इन्हें जनता ने पूरी तरह नकार दिया है, चाहे वह राहुल गांधी का 'इंडी' गठबंधन हो, चाहे अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी हो। जनता ने जब इन्हें नकार दिया और लोकतंत्र ने इन्हें सजा दी, तो उस सजा को पचाने और उससे सीखने के बजाय इन्होंने देश को अस्थिर करने का मंसूबा बना लिया।

 उन्होंने कहा, "मैं कहना चाहता हूं कि यह प्रयास इनके राजनीतिक उद्देश्यों के साथ-साथ विदेशी ताकतों के इशारे पर हो रहा है। देश पूरी तरह से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और लगातार वैश्विक संकटों के बावजूद आज निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

 भारत के विकास, भारत की तरक्की और भारत की उन्नति को पचा नहीं पा रहे हैं

विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह बात आप सबको चुभ रही है। आप भारत के विकास, भारत की तरक्की और भारत की उन्नति को पचा नहीं पा रहे हैं। जिस प्रकार से आज भारत एक आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है, वह आपसे देखा नहीं जा रहा है और जिस प्रकार से विदेशी ताकतों के इशारे पर आप इसे अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं, मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं कि भारत के लोकतंत्र में इतनी ताकत है, जितने भी हमारे देशभक्त और राष्ट्रभक्त हैं, वे सब मिलकर आपकी इन ताकतों और आपके मंसूबों पर पानी फेर देंगे।

देश के संवैधानिक ढांचों और लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं

उन्होंने कहा कि देश में पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमने देश को भय के वातावरण से बाहर निकाला और आतंकवाद को जड़ों से खत्म करने का प्रयास किया। नक्सलवाद से इस देश को मुक्त करने का प्रयास किया गया। लेकिन अभी भी अर्बन नक्सल मानसिकता के कुछ लोग इस देश को अस्थिर करने में लगे हैं।

 राहुल गांधी के मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे। जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और 'इंडी' गठबंधन के लोग कर रहे हैं, तथाकथित युवा नेतृत्व जो कह रहा है, भारत का युवा उसे देख रहा है।

नितिन नवीन ने कहा, "भारत का युवा भारतीय संस्कृति और लोकतंत्र से जुड़ा है, भारतीय संविधान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता है, और यही कारण है कि आपके इस तरह के शब्दों और भाषा को भारत की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

 आप इस देश के संवैधानिक ढांचों और लोकतंत्र को जिस प्रकार से चुनौती देने का प्रयास कर रहे हैं, देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों के प्रति जिस प्रकार की अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, उसे देश की 140 करोड़ जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी और इसकी सजा आपको अवश्य मिलेगी।"

भारत सरकार इससे सख्ती से निपटेगी

विपक्ष के नेताओं को चेतावनी देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जिन विदेशी ताकतों के बल पर आप अपनी बिकाऊ राजनीति कर रहे हैं और उनके गठजोड़ से भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं, आपके वे नापाक इरादे कभी पूरे नहीं होंगे। झूठ के सहारे संविधान के नाम पर लोकतंत्र को चुनौती देना, जनादेश का अपमान करना है।

उन्होंने कहा, "देश की जनता ने जिसे जनादेश दिया है और जिस पर विश्वास जताया है, वही देश का नेतृत्व कर रहा है। लगातार राज्यों में आपकी हो रही हार और हताशा यह दर्शाती है कि आप इस देश को शांति के साथ आगे नहीं बढ़ने देना चाहते।

 लेकिन आज मैं आपको चेतावनी देता हूं कि भारतीय जनता पार्टी और देश की राष्ट्रभक्त जनता आपको इसका करारा जवाब देगी। आज जिस प्रकार से तनाव की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है, भारत सरकार इससे सख्ती से निपटेगी, साथ ही भाजपा का कार्यकर्ता भी जनता के बीच रहकर आपके इन मंसूबों को रोकेगा। देश के बाहर या भीतर सक्रिय ऐसी सभी ताकतों से हम पूरी सख्ती से निपटेंगे।

इनपुट : आईएएनएस 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User