'महाकाव्य श्री रामायण कथा' का भव्य ट्रेलर रिलीज; बड़े पर्दे पर दिखेगी मर्यादा और आस्था की गाथा
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और माता सीता के पावन जीवन पर आधारित पौराणिक फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा - श्री राम की' (Mahakavya Shri Ramayan Katha) का आधिकारिक ट्रेलर मेकर्स द्वारा रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में अभिनेता देव शर्मा प्रभु श्री राम और अंजलि अरोड़ा माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं। जानिए 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के ट्रेलर, स्टारकास्ट और रिलीज से जुड़ी पूरी विस्तृत रिपोर्ट।
मुंबई। फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की' के मेकर्स ने गुरुवार को इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया। यह फिल्म प्राचीन महाकाव्य रामायण की गाथा को बड़े पर्दे पर पेश करती है, जिसका उद्देश्य इसके मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
ट्रेलर में श्री राम और माता सीता की दिव्य यात्रा की झलक देखने को मिली है। फिल्म में देव शर्मा श्री राम के रूप में हैं, तो अंजलि अरोड़ा माता सीता का किरदार निभाती नजर आ रही हैं और रजनीश दुग्गल रावण के रोल में हैं। ट्रेलर में रामायण के कुछ महत्वपूर्ण पल दिखाए गए हैं, जिसमें श्री राम और माता सीता के बीच का रिश्ता, वनवास के दौरान उनकी यात्रा, सीता हरण, हनुमान जी की भक्ति और धर्म और अधर्म के बीच अंतिम लड़ाई शामिल है।
ट्रेलर में फिल्म के मुख्य संदेश को 'अधर्म के सामने धर्म का नाम, श्री राम' लाइन के जरिए दिखाया गया है, जिसमें धर्म और मर्यादा कहानी के मुख्य विषय हैं। फिल्म के म्यूजिक में कई मशहूर और उम्दा गायकों ने अपनी आवाज दी, जिनमें कैलाश खेर, जावेद अली, फरहाद भीवंडीवाला, अनुराग शर्मा और सुनील सोनी जैसे गायक शामिल हैं, जिन्होंने हिंदी और छत्तीसगढ़ी गानों को गाया है। इसमें गायक शान की भी आवाज एक गाने में होगी।
ट्रेलर रिलीज से पहले मेकर्स ने इसका टीजर और तीन गाने 'सिया राम', 'राम जी की सेना' और 'हे हनुमान' रिलीज किए थे, जिन्हें संगीत प्रेमियों की तरफ से खूब प्रशंसा मिली थी, हालांकि फिल्म के और भी गाने रिलीज होने वाले हैं।
अभिषेक सिंह द्वारा निर्देशित फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा- श्री राम की' में शील वर्मा लक्ष्मण और निर्भय वाधवा हनुमान के किरदार में नजर आएंगे।
इसका निर्माण प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने किया है, सह-निर्माता हनी कुलदीप अग्रवाल और मोनिका सेन हैं और इसे एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के अजय कनौजिया ने प्रस्तुत किया जा रहा है। यह फिल्म 25 सितंबर को पूरे भारत में सिनेमाघरों में हिंदी और छत्तीसगढ़ी में एक साथ रिलीज की जाएगी।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)