Sports News Update: कोहली और बुमराह इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में

Jun 22, 2026 - 12:02
0 3
Sports News Update: कोहली और बुमराह इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में
Virat Kohli

Sports News: इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले जाने वाले तीन मैचों की वनडे सीरीज़ में यशस्वी जायसवाल, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे को टीम में जगह नहीं मिली है. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ होने वाली वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय टीम में विराट कोहली, जसप्रीत बुमाराह और अक्षर पटेल की वापसी हुई है। कोहली का चयन फ़िटनेस पर आधारित है। अगर वह पूरी तरह से मैच फ़िट होते हैं, तो वह इस सीरीज़ में हिस्सा लेंगे। हालांकि रवींद्र जाडेजा अभी भी टीम में वापस नहीं आए हैं। BCCI ने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए मंगलवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया।

हालांकि अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ चेन्नई में खेले गए तीसरे वनडे के शतकवीर यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। साथ ही भारत की तरफ़ से शानदार डेब्यू करने वाले हर्ष दुबे और प्रिंस यादव भी टीम का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, गुरनूर बराड़ को भारतीय टीम में बरक़रार रखा गया है।

इन तीनों बाहर होने वाले खिलाड़ियों की जगह कोहली, बुमाराह और अक्षर को मौक़ा दिया गया है। टीम में वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर, नीतीश कुमार रेड्डी जैसे ऑलराउंडर एवं स्पिन विकल्प मौजूद हैं। तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण की ज़िम्मेदारी जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ संभालेंगे।

इस बीच, बीसीसीआई ने यह भी जानकारी दी कि वरुण चक्रवर्ती बाएं पैर की चोट से उबर रहे हैं और फ़िलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैब कर रहे हैं। इसी वजह से वह आयरलैंड के ख़िलाफ़ T20 सीरीज़ से बाहर हो गए हैं।

सीरीज़ का पहला मुक़ाबला 14 जुलाई को एजबेस्टन में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। दूसरा वनडे 16 जुलाई को सोफिया गार्डन्स में शाम 5:30 बजे शुरू होगा, जबकि सीरीज़ का तीसरा और अंतिम मैच 19 जुलाई को लॉर्ड्स में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा।

इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भारतीय वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली*, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़।

आयरलैंड T20 सीरीज़ के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User