कांवड़ यात्रा 2026: सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम; पुलिस, स्वास्थ्य और प्रशासन अलर्ट मोड पर

Aug 07, 2026 - 19:31
0 1
कांवड़ यात्रा 2026: सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम; पुलिस, स्वास्थ्य और प्रशासन अलर्ट मोड पर
Kanwar Yatra
कांवड़ यात्रा 2026: सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम; पुलिस, स्वास्थ्य और प्रशासन अलर्ट मोड पर
कांवड़ यात्रा 2026: सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम; पुलिस, स्वास्थ्य और प्रशासन अलर्ट मोड पर

गौतमबुद्धनगर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के तहत प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नगर निकाय, विद्युत विभाग, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों ने संयुक्त कार्ययोजना के तहत व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।  

जिला प्रशासन के अनुसार 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में कांवड़िए जनपद के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। इसे देखते हुए प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें जेवर के ग्राम भाईपुर स्थित शिव मंदिर नानकेश्वर, सेक्टर-2 का शिव मंदिर, सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर और सेक्टर-22 स्थित शिव मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालय शामिल हैं। इन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। 

कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग ने कांवड़ मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ पीआरवी वाहनों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। सीमावर्ती जनपदों और राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। जोनवार और थानावार पुलिस प्रबंधन के साथ प्रभावी संचार व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। 

श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा कांवड़ मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मार्गों पर नियमित सफाई, जलभराव की रोकथाम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं कांवड़ शिविरों में सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, प्राथमिक उपचार और स्वच्छ पेयजल जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी यात्रा को देखते हुए व्यापक तैयारियां की हैं। प्रमुख कांवड़ मार्गों और शिविर स्थलों पर चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं। 

सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पर्याप्त बेड, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाइयां, एंटी स्नेक वेनम, चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल सके। वन विभाग ने कांवड़ मार्गों से झाड़ियों की सफाई और लटकी हुई पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कर मार्गों को सुरक्षित बनाया है। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं या वन्यजीव संबंधी किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमों को सक्रिय रखा गया है। 

वहीं, विद्युत निगम ने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए बिजली के खंभों पर जलरोधी सुरक्षा आवरण लगाए हैं तथा ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है, जिससे निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे। लोक निर्माण विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत, पैचवर्क, झाड़ियों की कटाई और जल निकासी की व्यवस्था पूरी कर ली है। 

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को यात्रा के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि श्रावण कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। 

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User