पीएम मोदी के 25 साल के नेतृत्व पर जापानी पीएम ताकाइची ने दी बधाई

Oct 07, 2026 - 12:22
0 1
पीएम मोदी के 25 साल के नेतृत्व पर जापानी पीएम ताकाइची ने दी बधाई
Japanese PM Takaichi congratulates PM Modi

टोक्यो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक नेतृत्व के 25 साल पूरे कर लिए हैं। सफल सफर की बधाई जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने दी।

ताकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक लंबे चौड़े पोस्ट में अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने लंबे समय से भारतीय समाज और राष्ट्र के विकास के लिए काम किया है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश आने वाले समय में भी साथ मिलकर जन कल्याण के लिए काम करते रहेंगे।

जापानी प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, " वर्ष 2001 से मुख्यमंत्री के रूप में पीएम मोदी ने लंबे समय तक उत्कृष्ट राजनीतिक नेतृत्व का प्रदर्शन किया है। सरकार के प्रमुख के तौर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 साल पूरे होने के मौके पर, मैं उन्हें अपनी शुभकामनाएं देना चाहती हूं।"

भारत यात्रा की यादें और रणनीतिक चर्चा

ताकाइची ने जुलाई में अपनी भारत यात्रा को भी याद किया और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा, "यात्रा के दौरान उन्हें भारत की खान-पान संस्कृति और संगीत को करीब से जानने का अवसर मिला। साथ ही, पीएम मोदी के साथ भारत-जापान ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप’ को अगले स्तर पर ले जाने के लिए ठोस कदमों पर चर्चा हुई।"

राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष और इंडो-पैसिफिक विजन

उन्होंने कहा कि अगले वर्ष भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ होगी। यह दोनों देशों के संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

ताकाइची ने आगे कहा, " 'फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक' (एफओआईपी) के लक्ष्य को हासिल करने के लिए, मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के साथ मिलकर काम करना चाहती हूं ताकि जापान और भारत, जिनकी रणनीतिक दिशा एक जैसी है, अपनी साझेदारी को और आगे बढ़ा सकें।"

गुजरात के सीएम से पीएम तक का सफर

प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने 2014 में प्रधानमंत्री पद संभाला और लगातार तीन लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय स्तर पर सरकार का नेतृत्व किया। बुधवार को पीएम मोदी ने अपने 25 साल के सार्वजनिक नेतृत्व के अवसर पर दिल्ली के श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

भारत-जापान द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार

भारत और जापान अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी से आगे बढ़ाकर आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा, तकनीक, रक्षा और हिंद-प्रशांत सहयोग के व्यापक क्षेत्रों में मजबूत कर रहे हैं। जुलाई में पीएम मोदी और ताकाइची की वार्षिक शिखर बैठक में दोनों देशों ने ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप’ को और मजबूत करने पर जोर दिया था।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User