जम्मू-कश्मीर: डोडा में बाइक और ई-ऑटो तिरंगा रैली निकाली गई, डीसी ने दिखाई हरी झंडी

Aug 11, 2026 - 17:07
0 1
जम्मू-कश्मीर: डोडा में बाइक और ई-ऑटो तिरंगा रैली निकाली गई, डीसी ने दिखाई हरी झंडी

डोडा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभर में चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बाइक और ई-ऑटो तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। डोडा के डिप्टी कमिश्नर कृष्ण लाल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में तिरंगा लेकर बाइक और ई-ऑटो शामिल हुए और शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए लोगों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया गया। 

डिप्टी कमिश्नर कृष्ण लाल ने बताया कि जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट, पुलिस विभाग, कल्चर डिपार्टमेंट, यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट समेत तैयारियों में शामिल अन्य विभागों ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। अब सभी विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी स्वतंत्रता दिवस समारोह डोडा में शानदार और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा।

कृष्ण लाल ने कहा कि समारोह को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ काम किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की भागीदारी और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। देशभर में चल रहे अभियान के तहत डोडा में इस बाइक और ई-ऑटो रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य केवल शहर में तिरंगा यात्रा निकालना नहीं, बल्कि आम लोगों को देश और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक करना भी है।

उन्होंने कहा कि रैली डोडा से रवाना होकर शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरेगी और लोगों के बीच देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाएगी। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ता है और खासकर युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने का अवसर मिलता है।

कृष्ण लाल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। हर घर तिरंगा जैसे अभियानों के माध्यम से लोगों को तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रैली में शामिल लोगों के माध्यम से यह संदेश पूरे शहर में पहुंचाया जाएगा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और जिम्मेदारी का अवसर है।

डिप्टी कमिश्नर कृष्ण लाल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे संघर्ष और गुलामी के बाद देश को आजादी मिली थी, इसलिए इस दिन का हर नागरिक के जीवन में विशेष महत्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस को विशेष तरीके से मनाएं और अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों की सफाई करें और उन्हें रोशनी से सजाएं, जिससे स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का माहौल और बेहतर बने।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User