Islamabad Fire Tragedy: इस्लामाबाद में भीषण अग्निकांड से 15 बच्चों की दर्दनाक मौत; पीएम शहबाज शरीफ ने दिए उच्चस्तरीय जांच के सख्त आदेश

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक हृदयविदारक अग्निकांड में 15 मासूम बच्चों की जलकर और दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस भीषण हादसे के बाद पूरे देश में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और तुरंत एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर विस्तृत रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए हैं। जानिए इस्लामाबाद अग्निकांड, बचाव अभियान और सरकार की कार्रवाई से जुड़ी पूरी विस्तृत रिपोर्ट।

Aug 26, 2026 - 15:03
0 0
Islamabad Fire Tragedy: इस्लामाबाद में भीषण अग्निकांड से 15 बच्चों की दर्दनाक मौत; पीएम शहबाज शरीफ ने दिए उच्चस्तरीय जांच के सख्त आदेश

इस्लामाबाद। इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) अस्पताल में आग लगने से 15 नवजात शिशुओं की मौत पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गहरा दुख जताते हुए तुरंत जांच के आदेश द‍िए।

पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया संस्थान जियो टीवी के अनुसार, बचाव कार्य से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कथित तौर पर एयर-कंडीशनर का कंप्रेसर फटने से सुबह करीब 6:45 बजे नर्सरी में आग लगी। पाकिस्तान प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में यह जानकारी साझा की।

पाकिस्तान प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज शरीफ ने पीआईएमएस अस्पताल की नवजात शिशु इकाई (नर्सरी) में लगी आग की दुखद घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। इस हादसे में 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री ने मासूम बच्चों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस दुखद आग की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

पाक‍िस्‍तान पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चों के साथ हुई ऐसी त्रासदी की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की विस्तार से जांच की जानी चाहिए, जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए और उनके खिलाफ सबसे कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से उनका दिल बेहद दुखी है और वे माता-पिता के इस गहरे दर्द में बराबर के सहभागी हैं। खुदा शोक-संतप्त परिवारों को धैर्य प्रदान करे।

बचाव अधिकारियों ने बताया कि फायर फाइटिंग टीमों के अस्पताल पहुंचने और ऑपरेशन शुरू करने के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने के बाद भी टीमें घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन करती रहीं ताकि आग के दोबारा भड़कने की कोई संभावना न रहे।

जिला प्रशासन ने बताया कि आपातकालीन कार्रवाई के तहत फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां और चार एम्बुलेंस तैनात की गईं। इस घटना ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था, खासकर कमजोर नवजात बच्चों वाले वार्ड में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला प्रशासन ने आग लगने की परिस्थितियों की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया है।


इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User