Sports News Update: आयरलैंड की नज़रें सीरीज़ जीत

Jun 27, 2026 - 16:38
0 3
Sports News Update: आयरलैंड की नज़रें सीरीज़ जीत
Ireland eyes series win

- दूसरे T20I में अय्यर की कप्तानी पर रहेंगी निगाहें, जिनको अपनी कप्तानी डेब्यू पर उलटफेर का सामना करना पड़ा.

Sports News Update: थोड़ी धीमी और अतिरिक्त उछाल वाली पिच, गेंदबाज़ी में दो ख़राब ओवर और भारत की T20I में लगातार 12 सीरीज़ या टूर्नामेंट जीतने की शानदार लय टूट गई। हालांकि, उनके पास अब भी बचाने के लिए एक रिकॉर्ड है। वह लगातार 16 सीरीज़ या टूर्नामेंट में अपराजित रहने का रिकॉर्ड बना सकते हैं। मुख्य कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारत को पहली बार घरेलू मैदान पर टेस्ट सीरीज़ में व्हाइटवॉश झेलना पड़ा और घर में 12 साल के अजेय टेस्ट सीरीज़ का रिकॉर्ड भी टूटा। वह अब अपने नाम एक और अनचाहा रिकॉर्ड नहीं देखना चाहेंगे। यही वजह है कि बेलफ़ास्ट में दोनों T20I के बीच सिर्फ़ एक दिन का अंतर होने के बावज़ूद उन्होंने खिलाड़ियों के लिए वैकल्पिक नेट्स सत्र रखा है।

आयरलैंड, भारत के ख़िलाफ़ पहली अंतरराष्ट्रीय जीत की ख़ुशी में डूबा है और अब वह सीरीज़ जीतने का सपना देख रहा होगा। अगर ऐसा होता है, तो यह 2022 में वेस्टइंडीज़ को वनडे सीरीज़ में 2-1 से हराने के बाद द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। उस टीम के सिर्फ़ चार खिलाड़ी ही शुक्रवार को भारत के ख़िलाफ़ अंतिम एकादश में शामिल थे। हालांकि उन्हें स्थानीय परिस्थितियों की बेहतर समझ थी और वही निर्णायक साबित हुई।

भारत गेंदबाज़ी में बड़े सुधार की उम्मीद करेगा। उनके गेंदबाज़ों ने शुरुआत अच्छी की थी और एक समय आयरलैंड का शुरुआती स्कोर 30 रन पर तीन विकेट था। हालांकि इसके बाद वे लाइन और लेंथ से भटक गए। भारतीय गेंदबाज़ों को हार्ड लेंथ पर पटककर गेंदबाज़ी करनी होगी, ताकि बल्लेबाज़ सीधे शॉट खेलने की बजाय स्क्वेयर क्षेत्र में रन बनाने के लिए मज़बूर हों।

नए कप्तान श्रेयस अय्यर के टीम चयन और गेंदबाज़ों के इस्तेमाल पर भी नज़रें रहेंगी। उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर को पहली बार 16वें ओवर में गेंद थमाई, जबकि सामने दो दाएं हाथ के बल्लेबाज़ थे। उसी ओवर में मैच का रुख़ आयरलैंड की ओर मुड़ गया।

इन पर रहेंगी नज़रें

जय मुंद्रा, राजस्थान के टोंक शहर में पैदा हुए, जहां से एक और अंतरराष्ट्रीय बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ ख़लील अहमद भी आते हैं। लेकिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचने के लिए अलग रास्ता चुना। उन्होंने आयरलैंड के लिए खेलने की पात्रता हासिल की और फिर अपने मूल देश के ख़िलाफ़ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की पहली ही गेंद पर विकेट लिया। वह बहुत लंबे क़द के नहीं हैं, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने परिस्थितियों का बेहतरीन इस्तेमाल किया। क्या वह सीरीज़ में बड़ा उलटफेर कराने में अहम भूमिका निभा पाएंगे?

हर्षित राणा T20 विश्व कप से पहले अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए थे और इसी वजह से भारत की ख़िताबी जीत और उसके बाद IPL से बाहर रहे। लेकिन वापसी के बाद उन्होंने बेंहतरीन लय से गेंदबाज़ी की और लगातार हार्ड लेंथ पर गेंद पटकते हुए 4-0-24-3 के आंकड़े दर्ज किए। जसप्रीत बुमराह की गैरमौज़ूदगी में वह अंतिम एकादश में अपनी जगह मज़बूत करना चाहेंगे।

इसके अलावा लॉर्कन टकर पर भी नज़रें होंगी, जिन्होंने आयरलैंड की कप्तानी करते हुए अब तक तीनों T20I में अर्धशतक लगाया है। वहीं भारत के प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने पिछले दो T20I में कुल 125 रन लुटाए हैं। उन्होंने तीन साल पहले 2023 में खेले गए अपने पिछले T20I में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 68 रन लुटाए थे, जबकि शुक्रवार को आयरलैंड के ख़िलाफ़ उन्होंने 57 रन दिए। यह लगातार दो T20I में किसी भी गेंदबाज़ द्वारा दिए गए सबसे ज़्यादा रन हैं। पिछला रिकॉर्ड गाम्बिया के मूसा जोबार्टेह (124 रन) था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User