चीन सीमा के पास 9 दिन गरजेंगे भारतीय लड़ाकू विमान, उत्तराखंड में वायुसेना का बड़ा अभ्यास
नई दिल्ली। चीन सीमा के पास भारतीय वायुसेना अपनी सैन्य तैयारियों को परखने जा रही है। उत्तराखंड में 13 से 21 नवंबर तक नौ दिनों का उच्च तीव्रता वाला हवाई अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान वायुसेना के अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान आसमान में अपनी ताकत दिखाएंगे। वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के करीब होने वाले इस अभ्यास में युद्ध की तैयारियों, लड़ाकू विमानों की क्षमता और दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में सैन्य अभियान चलाने की दक्षता को परखा जाएगा। इसके लिए संबंधित हवाई क्षेत्र में अस्थायी प्रतिबंध लगाते हुए विमानन सूचना जारी की गई है।
एलएसी के करीब होगा सैन्य अभ्यास
भारतीय वायुसेना का यह अभ्यास मध्य हिमालयी क्षेत्र में किया जाएगा। इसके लिए 13 से 21 नवंबर तक हवाई क्षेत्र पर अस्थायी प्रतिबंध लागू रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक, अभ्यास में अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान हिस्सा लेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में वायुसेना की परिचालन क्षमता और किसी भी चुनौती का तेजी से जवाब देने की तैयारी का आकलन करना है।
हवा से हवा में युद्ध की रणनीति परखेंगे लड़ाकू विमान
नौ दिनों तक चलने वाले इस अभ्यास में दृश्य सीमा से परे युद्ध (बीवीआर) की रणनीतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा हिमालय के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लड़ाकू विमानों के इंजन के प्रदर्शन, परिचालन क्षमता और सैन्य अभियानों की तैयारी को परखा जाएगा।
सैनिकों की तेजी से तैनाती की होगी जांच
इस अभ्यास के जरिए मध्य उत्तराखंड में स्थित अग्रिम हवाई पट्टियों पर सामरिक अभियानों की क्षमता का भी आकलन किया जाएगा। इसके तहत एक घाटी से दूसरी घाटी तक सैनिकों को पहुंचाने, आपात स्थिति में सैन्य बलों की त्वरित तैनाती और हवाई मार्ग से रसद पहुंचाने की तैयारियों को परखा जाएगा।
नागरिक उड़ानों के मार्ग हो सकते हैं प्रभावित
हवाई अभ्यास के लिए निर्धारित क्षेत्रों में अस्थायी प्रतिबंध लगाए जाने के कारण सामान्य नागरिक उड़ानों के मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। विमानन कंपनियों को सलाह दी गई है कि वे भारतीय वायुसेना के साथ समन्वय कर अपनी उड़ानों के समय और मार्ग की योजना पहले से तैयार करें। इससे यात्रियों को होने वाली देरी को कम किया जा सकेगा।
क्या होता है नोटम?
नोटम यानी नोटिस टू एयरमेन विमानन क्षेत्र से जुड़ी एक आधिकारिक सूचना होती है। इसके माध्यम से पायलटों और विमानन कंपनियों को हवाई क्षेत्र में किसी अस्थायी प्रतिबंध, बदलाव या विशेष गतिविधि की जानकारी दी जाती है।
सैन्य अभ्यास, मिसाइल परीक्षण, हवाई प्रदर्शन या सुरक्षा संबंधी गतिविधियों के दौरान नोटम जारी किया जाता है। इसका उद्देश्य विमान चालकों को पहले से सतर्क करना और नागरिक तथा सैन्य विमानों के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)