नए पिक्सल 11 सीरीज के साथ भारत पर बड़ा दांव लगा रहा गूगल, स्थानीय विनिर्माण और एआई पर बढ़ा फोकस

Aug 20, 2026 - 11:04
Updated: 5 days ago
0 3
नए पिक्सल 11 सीरीज के साथ भारत पर बड़ा दांव लगा रहा गूगल, स्थानीय विनिर्माण और एआई पर बढ़ा फोकस

नई दिल्ली। अमेरिकी टेक दिग्गज गूगल ने भारत में अपनी नई पिक्सल 11 सीरीज लॉन्च करते हुए देश को अपने वैश्विक विस्तार और विनिर्माण रणनीति का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने के संकेत दिए हैं। ऐसे समय में जब रिपोर्ट्स में गूगल द्वारा चीन से पिक्सल स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच और वायरलेस ईयरबड्स के उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से बाहर स्थानांतरित करने की बात कही जा रही है, भारत कंपनी के लिए एक प्रमुख विनिर्माण और विकास केंद्र के रूप में उभर रहा है। 

विश्लेषकों के अनुसार, भारत सरकार की स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा देने वाली नीतियों और तेजी से विकसित हो रहे इलेक्ट्रॉनिक्स पारिस्थितिकी तंत्र ने गूगल जैसे वैश्विक प्रौद्योगिकी ब्रांडों को आकर्षित किया है। गूगल पहले ही भारत में चुनिंदा पिक्सल स्मार्टफोन मॉडल का उत्पादन शुरू कर चुका है। अगस्त 2024 में पिक्सल 8 के साथ स्थानीय उत्पादन की शुरुआत हुई थी, और इसके बाद कंपनी ने देश में अपनी विनिर्माण गतिविधियों का विस्तार किया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल ने नई पीढ़ी के पिक्सल उपकरणों के निर्माण के लिए फॉक्सकॉन जैसे प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं के साथ साझेदारी की है। इससे भारत को वैश्विक स्मार्टफोन आपूर्ति शृंखला में और मजबूत स्थान मिलने की उम्मीद है।

गूगल इंडिया में डिवाइसेज एंड सर्विसेज के प्रबंध निदेशक मितुल शाह ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य हमेशा उपभोक्ताओं की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना रहा है, ताकि वे तकनीक का सहज अनुभव प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा, "हमारा ध्यान भारतीय उपभोक्ताओं की दैनिक जरूरतों से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों का समाधान करने पर केंद्रित है। पिक्सल 11 शृंखला इसी सोच का प्रतिनिधित्व करती है, जिसमें विशेष रूप से लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर हार्डवेयर, एआई और दीर्घकालिक उपयोगिता को एक साथ जोड़ा गया है।"

गूगल ने कहा कि वह बेहतर वित्तीय विकल्पों, सर्विस नेटवर्क के विस्तार और पिक्सल पारिस्थितिकी तंत्र में निरंतर निवेश के माध्यम से भारत में अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा है।

पिक्सल की 11वीं पीढ़ी के स्मार्टफोन अधिक टिकाऊ हार्डवेयर, उन्नत कैमरा प्रणाली और अधिक सक्रिय जेमिनी एआई सुविधाओं के साथ पेश किए गए हैं। इन उपकरणों को कंपनी के नए गूगल टेंसर जी6 प्रोसेसर से शक्ति मिलती है।

नई सीरीज में पिक्सल 11, पिक्सल 11 प्रो, पिक्सल 11 प्रो एक्सएल और पिक्सल 11 प्रो फोल्ड शामिल हैं। ये सभी उपकरण गूगल के नवीनतम जेमिनी नैनो मॉडल पर आधारित एआई क्षमताओं से लैस हैं।

कंपनी के अनुसार, नया टाइटन एम3 सुरक्षा चिप और विशेष रूप से विकसित टेंसर जी6 प्रोसेसर मिलकर अब तक की सबसे मजबूत और सक्रिय सुरक्षा प्रणाली प्रदान करते हैं। इससे उपयोगकर्ताओं को डेटा सुरक्षा और गोपनीयता के बेहतर स्तर का लाभ मिलेगा।

भारत में पिक्सल 11 की शुरुआती कीमत 89,999 रुपए, पिक्सल 11 प्रो की 1,19,999 रुपए, पिक्सल 11 प्रो एक्सएल की 1,34,999 रुपए और पिक्सल 11 प्रो फोल्ड की 1,86,999 रुपए रखी गई है।

इसके साथ ही कंपनी ने पिक्सल वॉच 5 भी लॉन्च की है, जिसकी 41 मिमी संस्करण की कीमत 42,900 रुपए और 45 मिमी संस्करण की कीमत 45,900 रुपए निर्धारित की गई है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User