सोना रखने की छूट है, लेकिन कमाई का हिसाब देना होगा; सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

Nov 12, 2026 - 11:29
Updated: 5 days ago
0 18
सोना रखने की छूट है, लेकिन कमाई का हिसाब देना होगा; सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
सोना रखने की छूट है, लेकिन कमाई का हिसाब देना होगा

नई दिल्ली, सोना रखने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा है कि तय सीमा तक सोना रखने की छूट का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को उसके पैसे का हिसाब नहीं देना होगा। अगर किसी पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है, तो उसे बताना होगा कि सोना कहां से आया और उसे खरीदने के लिए पैसा कहां से मिला।

कितना सोना रखने की है छूट?

आयकर विभाग के 11 मई 1994 के निर्देश के मुताबिक, सोना रखने की तय सीमा इस प्रकार है:

शादीशुदा महिला: 500 ग्राम

अविवाहित महिला: 250 ग्राम

पुरुष: 100 ग्राम

लेकिन इस सीमा के अंदर सोना होने का मतलब यह नहीं है कि उसके स्रोत की जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला बिहार की महिला फूलपरी कुमारी से जुड़ा है। 11 मई 2015 को उनके और उनके पति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में FIR दर्ज की गई थी।जांच के बाद 29 जुलाई 2020 को केवल फूलपरी कुमारी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। इसके बाद जनवरी 2021 में पटना की विशेष निगरानी अदालत ने मामले में सुनवाई शुरू करने का फैसला लिया।

महिला ने हाईकोर्ट में दी थी चुनौती

फूलपरी कुमारी ने पटना हाईकोर्ट में कहा था कि उनके पास जितना सोना है, वह सरकार की तय सीमा के अंदर है।उन्होंने आयकर विभाग के नियमों और CBDT की प्रेस रिलीज का हवाला दिया। उनकी दलील थी कि जब उनके पास तय सीमा से ज्यादा सोना नहीं है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

पटना हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया था केस

महिला की दलील सुनने के बाद पटना हाईकोर्ट ने उनके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्रवाई रद्द कर दी थी।हाईकोर्ट का कहना था कि महिला के पास 750 ग्राम से ज्यादा सोना नहीं है और जांच में सोने के वजन और संपत्ति की गणना में गलती हुई थी।इसके बाद बिहार सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस अरुण पल्ली की बेंच ने बिहार सरकार की दलील को सही माना।कोर्ट ने कहा कि सोना रखने की छूट और उस सोने को खरीदने के लिए पैसे कहां से आए, ये दोनों अलग-अलग बातें हैं।सिर्फ सरकारी नियमों का हवाला देकर यह साबित नहीं किया जा सकता कि सोना वैध कमाई से खरीदा गया है।

अब दोबारा चलेगा महिला के खिलाफ मुकदमा

सुप्रीम कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट का फैसला रद्द कर दिया है। साथ ही निचली अदालत के पुराने आदेश को भी बहाल कर दिया है।अब फूलपरी कुमारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दोबारा आगे बढ़ेगा। हालांकि, उन्हें निचली अदालत में अपनी कानूनी दलीलें रखने की छूट दी गई है।

सरकार ने महिलाओं और पुरुषों के लिए सोना रखने की एक सीमा तय की है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि तय सीमा में सोना होने से उसके स्रोत का हिसाब देने की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती।यानी सोना कितना रखा है, यह अलग बात है और उसे खरीदने के लिए पैसा कहां से आया, यह अलग बात है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
सिरोही

( कंटेंट राइटर ) 2

Comments (0)

User