कर्नाटक में अलग-अलग सड़क हादसों में पांच की मौत, 23 घायल

Aug 20, 2026 - 13:43
0 5
कर्नाटक में अलग-अलग सड़क हादसों में पांच की मौत, 23 घायल
Karnataka accident

बेंगलुरु। कर्नाटक के हावेरी और मंड्या जिलों में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए। कर्नाटक के उडुपी जिले में एक अलग घटना में ब्रह्मावर कस्बे के पास एक निजी बस में आग लगने से सात यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।

वहीं, हावेरी जिले के राणेबेन्नूर कस्बे के बाहरी इलाके में चालागेरी क्रॉस के पास गुरुवार तड़के एक कार खड़े ट्रक से जा भिड़ी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान 27 वर्षीय सिद्धार्थ, 29 वर्षीय हसनमुखी और 51 वर्षीय यशोदा बाई के रूप में हुई है। तीनों दावणगेरे शहर के निवासी थे। घायलों सौंदर्या, सिंधु और एक वर्षीय काश्वाश्री को उपचार के लिए दावणगेरे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार राणेबेन्नूर से दावणगेरे की ओर जा रही थी, तभी वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। राणेबेन्नूर ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

एक अन्य दुर्घटना में मंड्या जिले के बेल्लूर टोल के पास एक निजी स्लीपर बस के पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।

यह हादसा मंगलुरु-बेंगलुरु राजमार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस पहले सड़क किनारे लगे एक साइनबोर्ड से टकराई और फिर पलट गई। पुलिस को आशंका है कि तेज रफ्तार हादसे का कारण हो सकती है। घायलों को उपचार के लिए बेल्लूर कस्बे के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

इस बीच, उडुपी जिले के ब्रह्मावर के पास एक निजी बस में आग लगने की घटना में सात यात्री सुरक्षित बच निकले। यह बस उडुपी से सागर की ओर जा रही थी, तभी वाहन के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद बस के इलेक्ट्रिकल बॉक्स में आग लग गई और धीरे-धीरे फैलने लगी।

कंडक्टर ने तुरंत बस रुकवाई और सभी सात यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उडुपी के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User