CM Youth Scheme: योगी सरकार की नीति से जिले में बढ़े उद्यमी

Jul 13, 2026 - 16:45
Updated: 1 month ago
0 4
CM Youth Scheme: योगी सरकार की नीति से जिले में बढ़े उद्यमी
CM Youth Scheme
  • सीएम-युवा योजना के तहत पिछले वित्त वर्ष में 1968 युवाओं को मिली मदद.
  • विभिन्न राष्ट्रीय बैंकों ने युवाओं को दी 80 करोड़ से अधिक की ऋण राशि.

KNOCKOUT NEWZ MEERUT : उत्तर प्रदेश में युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा संचालित सीएम युवा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान मेरठ में सफलता की नई इबारत लिख रहा है। इस योजना के तहत जनपद में एक वर्ष के भीतर 1968 नए उद्योगों की स्थापना की गई है।
 इन युवाओं को विभिन्न बैंकों के माध्यम से 80 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं ने अपने उद्योग, सेवा एवं व्यापार आधारित उद्यम स्थापित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है।

जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के सहयोग से संचालित इस योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं को बिना गारंटी ऋण, ब्याज अनुदान तथा अन्य प्रोत्साहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में जिले के 3950 युवाओं ने नए उद्यमों की स्थापना के लिए आवेदन किया था, लेकिन योजना के मानक पूरे नहीं करने के कारण 1982 आवेदनों को लाभ नहीं मिल सका। शासन की ओर से इनमें से कई आवेदकों को योजना का लाभ लेने के लिए पुनः प्रेरित किया जा रहा है।

दरअसल, सरकार का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और प्रदेश में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को बढ़ावा देना है। योजना के माध्यम से स्थापित होने वाले नए उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित कर रहे हैं। एक अनुमान के अनुसार नए उद्यमों की स्थापना से दस हजार से अधिक लोगों को भी रोजगार उपलब्ध हुआ है।

मेरठ में ऋण प्राप्त करने वाले युवाओं ने रेडीमेड गारमेंट्स, फूड प्रोसेसिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी, पैकेजिंग, डेयरी, ब्यूटी एंड वेलनेस, कंप्यूटर सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में अपने उद्यम शुरू किए हैं। इन इकाइयों के संचालन से न केवल उद्यमियों की आय में वृद्धि हुई है, बल्कि अन्य युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भरता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। इससे जिले में उद्यमिता की संस्कृति को नई मजबूती मिल रही है।

उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष में जनपद के करीब 130 युवाओं को योजना का लाभ मिल चुका है। नए उद्योग स्थापित होने से बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिला है। उन्होंने कहा कि जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र पात्र युवाओं को आवेदन से लेकर बैंक ऋण स्वीकृति तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रहा है।

युवाओं में उद्यमों के प्रति आया बदलाव

मेरठ जैसे औद्योगिक जिले में इस योजना का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में युवा अब पारंपरिक नौकरी की बजाय स्वयं का उद्यम स्थापित करने की ओर अग्रसर हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ-साथ नए रोजगार के अवसर भी लगातार बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के सपनों को साकार करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User