दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई, बढ़ने लगा तापमान; वायु गुणवत्ता 'येलो' से 'ऑरेंज' जोन की ओर

Oct 01, 2026 - 10:58
0 7
दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई, बढ़ने लगा तापमान; वायु गुणवत्ता 'येलो' से 'ऑरेंज' जोन की ओर

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश का दौर अब थम चुका है। मानसून की विदाई के बाद आसमान साफ होने लगा है, जिससे मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है।

मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमानों के अनुसार, आने वाले दिनों में एनसीआर में वर्षा की कोई संभावना नहीं है। बारिश और ठंडक के बाद अब साफ आसमान के कारण दिन के तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग से उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक के पूर्वानुमान में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। 

1 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 80 से 60 प्रतिशत के बीच रही। 2 और 3 अक्टूबर को तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिलेगी, जहाँ अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 4 और 5 अक्टूबर तक आते-आते न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होने लगेगा। 4 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और 5 अक्टूबर को 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। दोनों दिनों का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 

6 अक्टूबर को मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जहाँ आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वायु गुणवत्ता की स्थिति: येलो से ऑरेंज जोन की ओर मौसम के साफ होने और हवाओं की गति धीमी होने के चलते दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता (एक्यूआई) पर असर दिखने लगा है। यह अब येलो (मध्यम) से ऑरेंज (खराब) ज़ोन की तरफ बढ़ रही है। 

दिल्ली के प्रमुख इलाकों के एक्यूआई की बात करे तो कैंटोनमेंट एरिया में एक्यूआई 105 (मध्यम) दर्ज किया गया, जो शहर में सबसे कम है। इसके अलावा अशोक विहार (128), आया नगर (137), बुराड़ी क्रॉसिंग (158), चांदनी चौक (171) और डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज (171) में हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में है। हालांकि, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (181), सीआरआरआई मथुरा रोड (199) और बवाना (200) जैसे इलाकों में एक्यूआई 'खराब' श्रेणी को छू रहा है। 

नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक

नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक है। नोएडा में सेक्टर-125 में एक्यूआई 235 (खराब) दर्ज किया गया, जो शहर में सबसे अधिक है। सेक्टर-116 (188), सेक्टर-1 (185) और सेक्टर-62 (165) में भी हवा 'मध्यम' से 'खराब' की ओर बढ़ रही है। · गाजियाबाद की बात करें तो यहाँ की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित पाई गई। लोनी में एक्यूआई 229 (खराब) तक पहुंच गया है। वसुंधरा (199), संजय नगर (184) और इंदिरापुरम (154) में भी प्रदूषण का स्तर अधिक है। 

हालांकि, गोविंदपुरम में एक्यूआई 53 (संतोषजनक) दर्ज किया गया, जो राहत की बात है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा। ऐसे में तापमान में मामूली बढ़ोतरी जारी रहेगी। साथ ही, बारिश न होने और हवाओं की रफ्तार कम होने के कारण वायु गुणवत्ता में और गिरावट आने की आशंका है। 

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User