दतिया बवाल मामला: क्यों नाराज हैं नरोत्तम मिश्रा के समर्थक?

Jul 12, 2026 - 11:24
0 3
दतिया बवाल मामला: क्यों नाराज हैं नरोत्तम मिश्रा के समर्थक?

- दतिया में बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ बवाल, पत्थरबाजी में SP समेत 6 घायल.

- पुलिस ने दतिया में उपद्रवी भीड़ को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े.

दतिया: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी द्वारा टिकट की घोषणा करते ही इलाके में भारी बवाल मच गया है. पूर्व गृह मंत्री और कद्दावर बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने से नाराज उनके हजारों समर्थकों ने कल रात नेशनल हाईवे-44 (NH-44) को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया. देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और तड़के सुबह पुलिस पर भारी पथराव किया गया, जिसमें दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी समेत 6 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि कल शाम 6 बजे से ही करीब 3,000 से ज्यादा उपद्रवी दतिया शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने जबरन बाजार बंद कराए और नेशनल हाईवे पर 'चक्का जाम' कर दिया.

इसके चलते हाईवे पर करीब 15 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया, जिससे पड़ोसी जिलों की यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई.एसपी और कलेक्टर ने प्रदर्शनकारियों से बार-बार जाम हटाने की अपील की, लेकिन वे नहीं माने. सुबह करीब 4 बजे उपद्रवियों ने अचानक पुलिस टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया.

मयूर खंडेलवाल ने कहा, 'माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद पथराव और तेज हो गया. इस हमले में मुझे, एडिशनल एसपी और हमारे 6 से अधिक जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए दोबारा आंसू गैस का इस्तेमाल किया और बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और बाकियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी गई है."

क्यों नाराज हैं नरोत्तम मिश्रा के समर्थक?

दरअसल, बीजेपी ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सीनियर नेता नरोत्तम मिश्रा का पत्ता काटते हुए आशुतोष तिवारी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया. पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और उनके समर्थकों को पूरा भरोसा था कि टिकट उन्हें ही मिलेगा और उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था.

जैसे ही आशुतोष तिवारी के नाम का ऐलान हुआ, नरोत्तम मिश्रा के समर्थक सड़कों पर उतर आए. कुछ समर्थक शर्ट उतारकर सड़क पर लेट गए और 'नरोत्तम दादा' को टिकट न मिलने पर बीजेपी छोड़ने तक की धमकी देने लगे. हालांकि, टिकट मिलने के बाद आशुतोष तिवारी ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा उनके अभिभावक हैं और उन्होंने उनके लिए चुनाव प्रचार करने की बात कही है.

कांग्रेस का तंज, टिकट कटा, खुल गई पोल 

दतिया भाजपा में मचे घमासान पर कांग्रेस ने तंज कसा. कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के चेयरमैन और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए लिखा, 'नरोत्तम मिश्रा की टिकट क्या कटी, BJP की पोल खुल गई. जो पार्टी हर रोज दूसरों को अनुशासन और  उच्च चरित्र का पाठ पढ़ाती है, आज अपनी ही पार्टी द्वारा अपनी ही पार्टी के खिलाफ पथराव और हंगामा करती पकड़ी गई. दूसरों को नसीहत, खुद मियां फजीहत. भाजपाई बड़े खुश हो कर एक दूसरे को कह रहे हैं- बधाई हो, लोकतंत्र हुआ है.''

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User