कोडरमा में कांवड़ियों से भरी बस ट्रक से टकराई, तीन की मौत, 50 से अधिक घायल

Aug 14, 2026 - 10:52
0 1
कोडरमा में कांवड़ियों से भरी बस ट्रक से टकराई, तीन की मौत, 50 से अधिक घायल

कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में शुक्रवार तड़के कांवड़ियों से भरी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास हुआ। बस में सवार सभी श्रद्धालु नेपाल के रोतहट जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, नेपाल से श्रद्धालुओं का एक जत्था देवघर और बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना करने के बाद राजगीर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान पोखरडीहा मोड़ के पास सफारी ट्रेवल्स की बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 

सूचना मिलने के बाद सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 12 वर्षीय शिवम कुमार भी शामिल है। अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है।

हादसे में 50 से अधिक श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर किया गया। 

अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। श्रावणी यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User