बीएलएफ का दावा, 'समूह की महिला यूनिट ने पाकिस्तान के नौ सुरक्षाकर्मियों को किया ढेर'

Sep 27, 2026 - 16:11
0 2
बीएलएफ का दावा, 'समूह की महिला यूनिट ने पाकिस्तान के नौ सुरक्षाकर्मियों को किया ढेर'
BLF Women Unit

क्वेटा। बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने दावा किया है कि समूह के नए महिला दस्ते 'करीमा आर्म्ड असॉल्ट डिवीजन' (केएएडी) के हालिया हमलों में पाकिस्तानी सैन्य बलों के नौ जवान मारे गए। बलूचिस्तान पोस्ट के मुताबिक, बीएलएफ प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलूच ने एक बयान में कहा कि 22 सितंबर को तुरबत के पास जुशाक इलाके में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) राजमार्ग पर तीन वाहनों वाले क्विक रिस्पॉन्स फोर्स (क्यूआरएफ) के काफिले पर केएएडी ने हमला किया। समूह का दावा है कि हमले में छह सैन्यकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए। प्रवक्ता के अनुसार, बीएलएफ की कुर्बान यूनिट ने भी इस अभियान में केएएडी का साथ दिया। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी बलों ने दोनों दस्तों को घेरने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने मुकाबला करते हुए सुरक्षित वापसी की। हमले में कई सैन्य वाहनों को नुकसान पहुंचने का भी दावा किया गया। इस दौरान कुर्बान इकाई का एक लड़ाका चाकर मुराद उर्फ दिलीप जान भी मारा गया।

क्वेटा-कराची राजमार्ग पर नाकेबंदी और मुठभेड़

ग्वाहराम बलूच ने दावा किया कि केएएडी ने बलूचिस्तान के कलात जिले की मंगुचर तहसील में क्वेटा-कराची राजमार्ग पर तीन स्थानों पर नाकेबंदी की। मंगुचर बाजार की ओर से बख्तरबंद वाहन और दो अन्य वाहनों में पहुंचे पाकिस्तानी बलों पर हमला किया गया, जिसमें दो सैन्यकर्मी मारे गए। समूह ने दावा किया कि इस दौरान कई सैन्य वाहनों को नुकसान पहुंचा। बयान के मुताबिक, पाकिस्तानी बलों ने लड़ाकों को घेरने का प्रयास किया, जिसके बाद एक और मुठभेड़ हुई। इसमें एक पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने का दावा किया गया।

डेरा बुगती में एनर्जी ठिकाने पर बीआरए का हमला

एक अन्य घटना में बलूच रिपब्लिकन आर्मी (बीआरए) ने बलूचिस्तान के डेरा बुगती जिले के बेह लोटी इलाके में मारी एनर्जी लिमिटेड के एक ठिकाने पर हमले की जिम्मेदारी ली। समूह के प्रवक्ता सरबाज बलूच के हवाले से बलूचिस्तान पोस्ट ने बताया कि रॉकेट और भारी हथियारों से किए गए इस हमले में कंपनी के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए। सरबाज बलूच ने दावा किया कि हमले के बाद पाकिस्तानी बलों और समूह द्वारा स्थानीय स्तर पर सरकार समर्थित सशस्त्र संगठन बताए गए एक समूह के सदस्यों के बीच संघर्ष हुआ। बीआरए ने इस संघर्ष में नौ पाकिस्तानी सैन्यकर्मियों और सशस्त्र समूह के तीन सदस्यों के मारे जाने का दावा किया। समूह के मुताबिक, उसके छह लड़ाके भी मारे गए।

पुलिस थाना उड़ाने और सरकारी इमारतों पर कब्जे का दावा

इस बीच, बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) ने दावा किया कि उसके लड़ाकों ने हाजी शहर पर नियंत्रण किया और वहां एक पुलिस थाने को विस्फोटकों से उड़ा दिया। समूह के अनुसार, बीआरए के लड़ाके एरी शहर में दाखिल हुए, सरकारी इमारतों पर कब्जा किया और अभियान पूरा करने के बाद वहां से हट गए। इन घटनाओं के बीच बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और पुलिस को निशाना बनाकर सशस्त्र समूहों के हमलों में हाल के दिनों में तेजी आई है। इन हमलों में सैन्य एवं सुरक्षा प्रतिष्ठानों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।

कच्छी जिले में झड़प और 'डेथ स्क्वाड' पर आरोप

बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, बुधवार को बीआरजी ने कच्छी जिले के कच्छी कलंदर इलाके में एक सशस्त्र समूह पर हमले का दावा किया था। बीआरजी ने उस संगठन को सरकार समर्थित ‘डेथ स्क्वाड’ बताया। बीआरजी प्रवक्ता दोस्तैन बलूच ने कहा, "हमारे लड़ाकों का नियमित गश्त के दौरान इस समूह के सदस्यों से सामना हुआ। सशस्त्र लोगों ने लड़ाकों की आवाजाही रोकने की कोशिश की, जिसके बाद हमला किया गया। संबंधित लोग मौके से भाग गए और अपने हथियार वहीं छोड़ गए।"

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User