'प्रकृति के रौद्र रूप के आगे इंसान असहाय', अनुपम खेर ने असम बाढ़ पीड़ितों की मदद की अपील

Aug 04, 2026 - 13:46
Updated: 21 days ago
0 7
'प्रकृति के रौद्र रूप के आगे इंसान असहाय', अनुपम खेर ने असम बाढ़ पीड़ितों की मदद की अपील
Anupam Kher

मुंबई। अभिनेता अनुपम खेर ने मंगलवार को असम बाढ़ पीढ़ितों की हालत को देखते हुए सभी से उनकी मदद करने की अपील की। अभिनेता का कहना है कि जिस व्यक्ति से जितना हो सके, वह उतनी धन राशी से मदद कर सकता है। 

अभिनेता अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने सभी से असम बाढ़ पीढ़ितों की मदद के लिए अपील की। अनुपम खेर ने कहा, "दोस्तों असम में आई भयानक बाढ़ को देखकर मन बहुत भारी हो गया। टीवी और सोशल मीडिया पर जो दृश्य देखे, उन्हें शब्दों में बयां करना मेरे लिए मुश्किल है। कहीं पूरे के पूरे घर पानी में समा गए हैं, तो कहीं लोग अपने परिवार से बिछड़ गए हैं। कहीं छोटे-छोटे बच्चे और बुजुर्ग नीले आसमान के नीचे बैठे हैं। ऐसी भयावह स्थिति को देखकर मन तब और दुखता है, जब बेजुबान जानवर को भी इस त्रासदी से गुजरे देखते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "एक बार फिर महसूस होता है कि जब प्रकृति अपना रौद्र रूप दिखाती है, तो इंसान कितना असहाय हो जाता है। ऐसे समय में अक्सर समझ नहीं आता है कि इतनी बड़ी पीड़ा के आगे हम क्या कर सकते हैं, लेकिन इस समय यही एहसास होता है कि प्रत्येक व्यक्ति अपने सामर्थ्य के हिसाब से थोड़ा भी मदद करे, तो शायद ही किसी परिवार की जिंदगी थोड़ी आसान हो जाए। किसी बच्चे के चेहरे पर थोड़ी उम्मीद लौट आए, किसी माँ को भरोसा हो जाए कि वह अकेली नहीं है। मैं स्वयं असम के लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं और जो भी इस समय उनकी सहायता कर रहे हैं, उन्हें दिल से प्रणाम कर रहा हूं। अगर आप में से किसी से हो सके, तो बाढ़ पीड़ितों की मदद जरूर करें, क्योंकि कई बार कीमत किसी की राशि से नहीं बल्कि, उसकी भावना से होती है। तो अगर आप धनराशि से सहायता करना चाहते हैं, तो उसे सीएम रिलीफ फंड असम अकाउंट नंबर पर भेज दें।"

अभिनेता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "असम बाढ़ की दिल दहला देने वाली तस्वीरों ने मुझे बहुत दुखी किया है। हजारों परिवारों ने अपने घर, रोजी-रोटी और कई मामलों में अपने प्रियजनों को खो दिया है। इस त्रासदी में बेज़ुबान जानवर भी नहीं बच पाए हैं। अगर आप सक्षम हैं, तो कृपया 'चीफ मिनिस्टर रिलीफ फंड, असम' में योगदान देने पर विचार करें। छोटा हो या बड़ा, हर योगदान किसी ऐसे व्यक्ति के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है जो अपनी जिंदगी को फिर से संवारने की कोशिश कर रहा है।"

अभिनेता अनुपम खेर ने असम चीफ मिनिस्टर रिलीफ फंड से जुड़ी जानकारी अपने पोस्ट पर भी शेयर की। साथ ही, उन्होंने बताया कि चेक या डिमांड ड्राफ्ट के जरिए लोग योगदान कर सकते हैं। उन्होंने लिखा, "मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं असम के लोगों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस मुश्किल समय से उबरने की हिम्मत दे।"

इनपुट :आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User