अयोध्या में अजय राय का भाजपा पर वार, बोले-‘चंदा चोरों’ पर हो कार्रवाई; राम मंदिर को व्यापार का केंद्र नहीं बनने देंगे

Aug 23, 2026 - 16:55
0 1
अयोध्या में अजय राय का भाजपा पर वार, बोले-‘चंदा चोरों’ पर हो कार्रवाई; राम मंदिर को व्यापार का केंद्र नहीं बनने देंगे
Ajay Rai

अयोध्या। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन और हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद राय ने कहा कि देश और प्रदेश में अत्याचार, अन्याय और महंगाई से लोग परेशान हैं। उन्होंने हनुमान जी से प्रार्थना की कि मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले में दोषियों को सद्बुद्धि दें और उनके खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाए।  

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यक्रमों की शुरुआत भगवान के दर्शन से करती है। उन्होंने कहा, “हमें हनुमान जी पर पूरा भरोसा है। अब हनुमान जी अपना गदा उठाएं और चंदा चोरों का फैसला करें।” उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम के दरबार में चढ़ाए गए धन की चोरी के आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राम मंदिर की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने मंदिर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह आस्था और धर्म का स्थान है, इसलिए यहां धर्माचार्यों की भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर को व्यापार का केंद्र बनाने की कोशिश की जा रही है और कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। 

राय ने कहा कि भाजपा सरकार में आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। चीनी, दवाओं और खाद्य पदार्थों समेत रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में बढ़ोतरी से जनता परेशान है। उन्होंने चेतावनी दी कि संबंधित जांच और रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस महंगाई तथा अन्य मुद्दों को लेकर प्रदेश और देशभर में आंदोलन करेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि इस संबंध में फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। 

हालांकि उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और महंगाई, अन्याय तथा जनहित से जुड़े सवालों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। 

अयोध्या पहुंचने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चेत नारायण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अजय राय का स्वागत किया। इसके बाद राय ने कमला नेहरू भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। 

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User