मेरठ में हवा हुई जहरीली, एक्यूआई 367 पर पहुंचा; देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बना, बारिश की संभावना

Nov 15, 2026 - 13:44
Updated: 5 days ago
0 3
मेरठ में हवा हुई जहरीली, एक्यूआई 367 पर पहुंचा; देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बना, बारिश की संभावना
मेरठ में हवा हुई जहरीली

मेरठ। मेरठ में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 367 दर्ज किया गया। इसके साथ ही मेरठ देश के दूसरे सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हो गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शाम 4 बजे जारी रिपोर्ट में दिल्ली का एक्यूआई भी 367 रहा। वहीं, मेरठ के गंगानगर में स्थिति और गंभीर रही, जहां एक्यूआई 441 दर्ज किया गया।

गंगानगर में AQI 441, हवा बेहद खराब

शनिवार को मेरठ के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा।

  • गंगानगर: 441
  • शताब्दी नगर: 375
  • पल्लवपुरम: 377
  • जयभीमनगर: 341
  • दिल्ली रोड बाईपास: 328

गंगानगर में सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक पीएम 2.5 का स्तर 500 के अधिकतम दर्ज मान पर बना रहा। वहीं, पीएम 10 की मात्रा 400 से 475 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रही।

पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ा प्रदूषण, आज बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मेरठ में मौसम में बदलाव आया है। शनिवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे और स्मॉग की चादर दिखाई दी। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को बादल और घने हो सकते हैं। हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

हालांकि, अगले 24 घंटों में प्रदूषण से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं।

देश के सबसे प्रदूषित शहरों में मेरठ दूसरे स्थान पर

शनिवार को दर्ज वायु गुणवत्ता सूचकांक के अनुसार प्रमुख शहरों की स्थिति इस प्रकार रही:

  • बहादुरगढ़: 376
  • मेरठ और दिल्ली: 367
  • फतेहाबाद और हिसार: 358

मेरठ प्रदेश के सबसे प्रदूषित शहरों में भी शामिल रहा।

ग्रेप-3 लागू, फिर भी प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) की तीसरी श्रेणी लागू की है।

इसके बावजूद शहर में धूल नियंत्रण और सड़कों पर पानी के छिड़काव जैसे उपायों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर प्रदूषण रोकने के लिए सरकारी एजेंसियों की कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, 300 से 400 के बीच एक्यूआई बेहद खराब और 400 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है। ऐसी हवा में सांस लेने से फेफड़ों और हृदय पर बुरा असर पड़ सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
चौधरी

( कंटेंट राइटर )

Comments (0)

User