सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
- हर हर महादेव से गूंजे जिले के शिवालय
- बरासऊ शिव मंदिर से राजराजेश्वर और भूतेश्वर धाम तक लगीं भक्तों की कतारें
बुलंदशहर। सावन माह के पहले सोमवार पर सोमवार सुबह से ही बुलंदशहर जिले के शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए तड़के से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे। शिवभक्तों की भीड़ के बीच पूरा वातावरण 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।
शिकारपुर तहसील क्षेत्र स्थित प्राचीन बरासऊ शिव मंदिर में सावन के पहले सोमवार पर भक्तों की विशेष भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। धार्मिक मान्यता है कि इस प्राचीन शिवालय में सच्चे मन से भगवान शिव का जलाभिषेक करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचे।
वहीं, श्री द्वादश महालिंगेश्वर मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। इसके अलावा जिले के प्रसिद्ध राजराजेश्वर मंदिर, भूतेश्वर मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी रही।
श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार के बीच माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।
इधर, जिले में 11 और 12 अगस्त को होने वाले मुख्य जलाभिषेक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए जिन मार्गों से कांवड़ यात्रा गुजर रही है, वहां भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)