मेरठ में सावन माह के पहले दिन शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर परिसर

Jul 30, 2026 - 12:30
0 7
मेरठ में सावन माह के पहले दिन शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर परिसर
मेरठ में सावन माह के पहले दिन शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

- सावन के पहले दिन मंदिरों में उमड़े शिवभक्त.

- औघड़नाथ और बिल्वेश्वर महादेव में लगी लंबी कतार.

- सुरक्षा घेरे में हुए दर्शन-पूजन.


मेरठ: आज से सावन माह की शुरुआत हो गई हैं। मेरठ में गुरुवार को सावन माह के पहले दिन शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। औघड़नाथ मंदिर और बिल्वेश्वर महादेव, देव मंदिर, राजराजेश्वरी मंदिर समेत मेरठ शहर के छोटे-बड़े शिवालयों के बाहर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर परिसर

मेरठ में सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कई शिव भक्त गंगाजल लेकर पहुंचे और भगवान महादेव का अभिषेक किया।

औघड़नाथ मंदिर मेरठ में भक्तों की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। वहीं, बिल्वेश्वर महादेव मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों में भी सुबह से देर तक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेरठ शहर की कॉलोनियों और मोहल्लों में स्थित शिवालयों में रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। मंदिरों के बाहर बेलपत्र, फूल-मालाएं, प्रसाद, रुद्राक्ष और पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर अच्छी भीड़ रही। पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार की खुशहाली की कामना की।

सावन के पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। प्रमुख शिवालयों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। जबकि, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। कांवड़ यात्रा 2026 के मद्देनजर पूरे मेरठ शहर को CCTV कैमरों की निगरानी में रखा गया है। सुरक्षा के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। इतना ही नहीं, श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के वेश में भी पुलिसकर्मी शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर तैनात रहकर हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User