गाजियाबाद में 250 एकड़ में बसेगा नया शहर

Nov 07, 2026 - 14:03
Updated: 5 days ago
0 3
गाजियाबाद में 250 एकड़ में बसेगा नया शहर
गाजियाबाद

गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर में घर या प्लॉट खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। गाजियाबाद में नया इंदिरापुरम बसाने की तैयारी तेज हो गई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण जीडीए इंदिरापुरम विस्तार योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के किनारे कनावनी गांव के पास नई टाउनशिप विकसित की जाएगी।

इस योजना के लिए करीब 72 हेक्टेयर जमीन का प्लान तैयार किया गया है। इसका लेआउट प्लान भी मंजूर हो चुका है। अब जीडीए  डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया में जुटा है। पहले चरण में 25 हेक्टेयर जमीन पर विकास कार्य शुरू करने की तैयारी है।

आवासीय और कमर्शियल प्लॉट मिलेंगे

नई टाउनशिप में लोगों को आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के प्लॉट मिलेंगे। प्लॉट का आकार 300 से 578 वर्ग मीटर तक रखने का प्रस्ताव है।इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग के लिए भी जमीन दी जाएगी। बिल्डर्स यहां 10 से 12 हाउसिंग प्रोजेक्ट विकसित कर सकेंगे। मध्यम और कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिए LIG और EWS फ्लैट बनाने की भी योजना है।

नोएडा और दिल्ली जाना होगा आसान

नई टाउनशिप की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन होगी। यह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के किनारे इंदिरापुरम और सिद्धार्थ विहार के बीच विकसित की जाएगी।यहां से नोएडा सेक्टर-62, वैशाली मेट्रो स्टेशन और हिंडन एलिवेटेड रोड तक पहुंचना आसान होगा। दिल्ली और मेरठ की तरफ जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

95 हजार से 2 लाख रुपये तक हो सकती है प्लॉट की कीमत

प्रस्तावित योजना में आवासीय प्लॉट की कीमत 95 हजार से 2 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर तक होने का अनुमान है। वहीं, कमर्शियल प्लॉट की कीमत 2 लाख से 4 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर तक जा सकती है।हालांकि, ये अनुमानित दरें हैं। अंतिम कीमत जीडीए की ओर से तय की जाएगी। प्लॉट के आवंटन के लिए नीलामी या अन्य प्रक्रिया की जानकारी बाद में सामने आएगी।

जीडीए को 350 करोड़ की कमाई की उम्मीद

इस टाउनशिप में सड़क, सीवर, ड्रेनेज, बिजली सबस्टेशन और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।जीडीए इन विकास कार्यों पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी में है।प्राधिकरण को प्लॉटों की नीलामी से लगभग 350 करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है।

20 साल से क्यों अटकी थी योजना?

इंदिरापुरम विस्तार योजना करीब दो दशक से जमीन अधिग्रहण और कानूनी विवादों के कारण अटकी हुई थी। जीडीए ने कनावनी गांव में जमीन का अधिग्रहण किया था, लेकिन किसानों ने कम मुआवजा मिलने का आरोप लगाते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।मई 2022 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश और इलाहाबाद हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद योजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ। अदालत ने किसानों को 2014 के सर्किल रेट का दोगुना मुआवजा देने का आदेश दिया था।

फिलहाल जीडीए के पास करीब 96 एकड़ जमीन का कब्जा है। बाकी जमीन से जुड़ी आपत्तियों का निपटारा और मुआवजे की प्रक्रिया चल रही है।इस योजना के पूरा होने के बाद गाजियाबाद में रहने और कारोबार करने के लिए एक नया इलाका विकसित होगा। इससे दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बीच कनेक्टिविटी को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
सिरोही

( कंटेंट राइटर ) 2

Comments (0)

User