मेरठ: शहीदों की वीरांगनाओं को योगी का सम्मान

Nov 15, 2026 - 00:25
Updated: 5 days ago
0 16
 मेरठ: शहीदों की वीरांगनाओं को योगी का सम्मान
  • 50 साल पहले शहीद हुए सैनिक की पत्नी से लेकर 2022 में पति खोने वाली वीर नारी तक को मिला सम्मान.
  • मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर बोलीं महिलाएं- आज महसूस हुआ कि हम अकेले नहीं, पूरा देश हमारे साथ खड़ा है.

नॉकआउट न्यूज़, मेरठ। किसी की मांग का सिंदूर उजड़े पांच दशक बीत गए, किसी ने कारगिल की जंग में अपना सुहाग खोया तो किसी की आंखें पांच महीने तक पति के पार्थिव शरीर की राह देखती रहीं। इन वीर नारियों ने शहादत का दर्द सीने में दबाकर बच्चों को संभाला और परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं।

शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब इन महिलाओं को सम्मानित किया तो बरसों से दिल में सहेजा दर्द आंखों से छलक पड़ा। किसी के चेहरे पर पति की शहादत का गर्व था तो किसी की आंखों में पुरानी यादों की नमी। उनके लिए यह सम्मान केवल एक समारोह नहीं, बल्कि उनके परिवारों के त्याग और संघर्ष की पहचान था।

पांच दशक बाद भी जिंदा हैं शहादत की यादें

नांगल क्षेत्र के छपरा गांव निवासी संतोष के पति करीब 50 साल पहले देश के लिए शहीद हो गए थे। आधी सदी गुजरने के बाद भी पति की यादें उनके जीवन का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर उन्होंने इसे सैनिक परिवारों के लिए गर्व का पल बताया।

अबरीशा खातून-

मेरठ के शोभापुर निवासी अबरीशा खातून के पति अजमेर अली वर्ष 1987 में लद्दाख में हुए हादसे में शहीद हो गए थे। परिवार को उनका पार्थिव शरीर तक नहीं मिल पाया। अजमेर अली को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था। अबरीशा ने कहा कि यह सम्मान उनके पति की शहादत को मिली पहचान है।

कारगिल से सिक्किम तक अपनों को खोने का दर्द.

विमलेश देवी-

कंकरखेड़ा निवासी विमलेश देवी के पति कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री से सम्मान पाकर विमलेश ने खुद को गौरवान्वित महसूस किया और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों की सराहना की।

माला -

बिजनौर निवासी माला के पति सिक्किम में हुए हादसे में शहीद हो गए थे। परिवार को करीब पांच महीने तक उनके पार्थिव शरीर का इंतजार करना पड़ा। बाद में डीएनए जांच से पहचान हुई। पति की शहादत के बाद माला को अनुकंपा पर नौकरी मिली।

आज लगा कि पूरा देश हमारे साथ है

गीता -

वर्ष 2016 में पति को खोने वाली गीता ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलना और उनके हाथों सम्मान पाना उनके लिए बेहद भावुक पल था। उन्होंने कहा कि आज महसूस हुआ कि वह अकेली नहीं हैं, पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है।

सुमन -

वहीं अक्टूबर 2022 में शहीद हुए सैनिक की पत्नी सुमन ने भी मुख्यमंत्री से सम्मान पाकर गर्व जताया। उन्होंने बताया कि बच्चों के पालन-पोषण और परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए निगम की ओर से उन्हें नौकरी दी गई है।

इन वीर नारियों के लिए यह सम्मान उनके शहीद पतियों के बलिदान और परिवारों के संघर्ष को मिली पहचान है। यह संदेश भी है कि देश अपने वीर जवानों के साथ उनके परिवारों के त्याग को भी नहीं भूलता।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
विवेक कुमार

विवेक कुमार - ( सोशल मीडिया मैनेजर) पत्रकारिता में 10 साल से सक्रिय विवेक कुमार नॉकआउट न्यूज डिजिटल में सोशल मीडिया मैनेजर पर कार्यरत है. जनवाणी, शारदा एक्सप्रेस, अमर उजाला, दैनिक जागरण, हिन्द आत्मा में अलग-अलग पद पर कार्य किया हैं.

Comments (0)

User