विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, नोएडा में ज्योतिषी बनकर छिपा आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 27 युवाओं से करीब 19 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी भारत मिश्रा को नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पहचान बदलकर ज्योतिषी बनकर रह रहा था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

Jul 04, 2026 - 13:13
Updated: 7 days ago
0 3
विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, नोएडा में ज्योतिषी बनकर छिपा आरोपी गिरफ्तार

- विदेश में नौकरी का झांसा देकर 19 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार.

नई दिल्ली : विदेश में अच्छी नौकरी का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ठगने वाले एक बड़े गिरोह का दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी भारत मिश्रा उर्फ प्रीतम कुमार मिश्रा उर्फ राजेश प्रसाद (52) को नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अपनी पहचान बदलकर नोएडा में ज्योतिषी के रूप में रह रहा था।

27 युवाओं से करीब 19 लाख रुपये की ठगी

पुलिस के अनुसार, साल 2022-23 में गौतम कुमार थापा समेत 27 युवाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपियों ने दिल्ली के जनकपुरी स्थित DDA मार्केट में Sky-Blue Overseas Consultancy नाम से कार्यालय खोल रखा था। यहां विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का वादा कर युवाओं को फंसाया जाता था।

आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर पीड़ितों से उनके मूल पासपोर्ट जमा कराए और मेडिकल टेस्ट, वीजा प्रोसेसिंग तथा एयर टिकट के नाम पर प्रति व्यक्ति हजारों रुपये वसूले। इस तरह गिरोह ने कुल मिलाकर करीब 19 लाख रुपये कैश और ऑनलाइन माध्यम से ठग लिए।

फर्जी वीजा और टिकट देकर हुए फरार

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने किराए पर दफ्तर लेने के लिए भी फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया था। पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और बाद में उन्हें नकली वीजा तथा फर्जी हवाई टिकट सौंप दिए गए।

जैसे ही सभी लोगों से पैसे और पासपोर्ट इकट्ठा हो गए, आरोपी रातों-रात दफ्तर बंद कर फरार हो गए। इसके बाद उनके मोबाइल फोन भी बंद हो गए, जिससे पीड़ितों का उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया।

पहचान बदलकर नोएडा में बना ज्योतिषी

डीसीपी अमित वर्मा की निगरानी में EOW ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर कई छापेमारी की और उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया, ताकि वे देश छोड़कर न भाग सकें।

टेक्निकल सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और बैंक खातों की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी भारत मिश्रा नोएडा के सेक्टर-80 स्थित शिव धाम एन्क्लेव में नाम बदलकर रह रहा है और ज्योतिषी का काम कर रहा है।

इसके बाद 1 जुलाई को दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने नोएडा में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, भारत मिश्रा के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों का पता लगाया जा सके, ठगी गई रकम की बरामदगी हो सके और इस पूरे जॉब फ्रॉड रैकेट का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User