US Open 2026: फ्रांसेस टियाफो की आर्थर ऐश में हैरतअंगेज वापसी शुरुआती दो सेट हारने के बाद एलेक्स मिशेलसन को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
अमेरिकी टेनिस स्टार फ्रांसेस टियाफो (Frances Tiafoe) ने यूएस ओपन 2026 के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में ऐतिहासिक और रोमांचक वापसी करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
न्यूयॉर्क। अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो ने हमवतन एलेक्स मिशेलसन को हराकर यूएस ओपन 2026 के एकल वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टियाफो ने दो सेट गंवाने के बाद यादगार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम किया और अंतिम चार में जगह सुनिश्चित की। टियाफो तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
ग्यारहवीं सीड टियाफो को शुरुआत के दो सेट में दुनिया के 46वें नंबर के खिलाड़ी मिशेलसन ने हराया। टियाफो तीसरे सेट में भी 5-3 से पिछड़ रहे थे। ऐसा लग रहा था कि टियाफो मौजूदा टूर्नामेंट का अपना करिश्मा खो रहे हैं, लेकिन उसी समय उन्होंने वापसी की। उन्होंने न सिर्फ तीसरा सेट जीता, बल्कि मुकाबला भी अपने नाम किया। टियाफो ने 10-पॉइंट के टाई-ब्रेक में जीत हासिल की और 4 घंटे 38 मिनट तक चले मुकाबले को 5-7 3-6 7-5 6-3 7-6 (10-6) से अपने नाम किया। इस दौरान टियाफो को भीड़ का जोरदार समर्थन मिला।
22 साल के मिशेलसन अपना पहला क्वार्टर फाइनल खेल रहे थे। विजयी शुरुआत के बाद मिली हार ने उन्हें बेहद निराश कर दिया था। मैच समाप्ति के बाद मिशेलसन अपने आंसू नहीं रोक सके और टियाफो के गले लगकर रोने लगे।
टियाफो ने कहा, "वह बहुत अच्छा खिलाड़ी है। वह आसानी से जीत सकता था। एलेक्स मिशेलसन को सलाम।"
सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद टियाफो ने पहली बार फाइनल में पहुंचने की उम्मीद जताई। वह 2022 और 2024 में भी सेमीफाइनल में पहुंचे थे लेकिन कार्लोस अल्काराज और टेलर फ्रिट्ज से हारकर उनका सफर समाप्त हो गया था।
मैच के बाद टियाफो से गले मिलने के बारे में मिशेलसन ने कहा, "उस पल में मुझे दिलासा देने के लिए वह बहुत अच्छे इंसान हैं। मैं खुद को संभालने की कोशिश कर रहा था, और मैं इसमें अच्छा काम नहीं कर पाया। वह बहुत सारी अच्छी पर्सनल बातें कह रहे थे। मेरे पास शारीरिक और मानसिक रूप से आगे बढ़ने के लिए बहुत समय है। मैं फिर से यहां आऊंगा। मुझे पता है।"
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)