यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो बना प्रदेश की नई पहचान, सीएम योगी बोले- पॉसिबिलिटी को प्रॉस्पेरिटी में बदला

Sep 25, 2026 - 17:04
0 3
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो बना प्रदेश की नई पहचान, सीएम योगी बोले- पॉसिबिलिटी को प्रॉस्पेरिटी में बदला
UP International Trade Show

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार से शुरू हुए चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, पारंपरिक और तकनीकी ताकत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाने की पहल है। यह आयोजन प्रदेश की परंपरा और तकनीक को एक मंच पर लाकर ग्लोबल मार्केट से जोड़ने का काम कर रहा है।

90 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि पहुंचे, सीएम ने जताया आभार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेड शो में शामिल होने आए 90 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, फॉरेन बायर्स और एग्जीबिटर्स का स्वागत और आभार जताया। उन्होंने जापान, सिंगापुर और बेलारूस के राजदूतों एवं उच्चायुक्तों का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार करीब 600 विदेशी खरीदार और लगभग डेढ़ लाख बी-टू-बी विजिटर्स यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का हिस्सा बनने वाले हैं।

ओडीओपी से मिली पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की असली ताकत उसकी परंपरा और उद्यम में है। इसी सोच के साथ परंपरागत उद्योगों को वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के रूप में ब्रांड देने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों के विशिष्ट उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात दुनिया के विभिन्न देशों में हो रहा है।

2400 से ज्यादा एग्जीबिटर्स, 36 हजार वर्ग मीटर में आयोजन

उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस इसी बदलाव और परिवर्तन को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस बार करीब 36 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया गया है, जिसमें 2400 से अधिक एग्जीबिटर्स हिस्सा ले रहे हैं। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों से लेकर आधुनिक तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई और नवाचार से जुड़े उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

छोटे उद्यमियों-कारीगरों को सीधे ग्लोबल बाजार से जुड़ने का मौका

उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस के माध्यम से प्रदेश के छोटे उद्यमियों, कारीगरों, बुनकरों और एमएसएमई को सीधे वैश्विक बाजार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम करने और उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। सीएम योगी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के परिवर्तन की कहानी को दुनिया के सामने रखने का माध्यम है। यह प्रदेश की 'पॉसिबिलिटी को प्रॉस्पेरिटी' में बदलने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हुनर अब करोड़ों रुपये के कारोबार में तब्दील हो रहे हैं।

हस्तशिल्प और बुनकरों को मिला वैश्विक मंच — अमित शाह के योगदान का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक प्रदेश के हस्तशिल्प, बुनकरों और पारंपरिक कारीगरों को उचित मंच नहीं मिल पाया। ऐसे में यूपीआईटीएस उनके लिए वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने का माध्यम बन रहा है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की प्रक्रिया के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अमित शाह ने पार्टी के लोक कल्याण संकल्प पत्र में प्रदेश की परंपरागत ताकत को पहचानने पर जोर दिया था।

कई देशों के साथ स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप की संभावनाएं

सीएम योगी ने कहा कि परंपरागत उद्योगों को पहचान देने और उन्हें आधुनिक बाजार से जोड़ने की दिशा में ओडीओपी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि आज उसी सोच के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपीआईटीएस में ऑस्ट्रिया, रूस, बेलारूस, वियतनाम और फ्रांस समेत कई देशों की भागीदारी है। इन देशों के साथ स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और ज्वाइंट वेंचर की संभावनाएं भी तलाशने का अवसर मिल रहा है।

फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से मजबूत हो रही यूपी की वैश्विक साख

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं। उत्तर प्रदेश इन समझौतों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित कर रहा है और यहां से वैश्विक निर्यात की संभावनाओं को मजबूत किया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि आज दुनिया उत्तर प्रदेश की सप्लाई चेन, उद्योग और उत्पादों की विश्वसनीयता को लेकर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि जो अपनी जड़ों से जुड़कर दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चलता है, उसकी ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित होता है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो इसी बदलाव का प्रतीक बनकर सामने आया है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User