गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम नियम तोड़ने पर दो बड़ी लॉ फर्मों को नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब
50% कर्मचारियों की उपस्थिति के नियम का उल्लंघन करने का आरोप; औचक निरीक्षण में जेएसए और ट्राइलीगल के कार्यालयों में तय सीमा से ज्यादा कर्मचारी मिले
गुरुग्राम। दिल्ली- एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच गुरुग्राम प्रशासन ने 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम नियम का उल्लंघन करने के आरोप में दो बड़ी लॉ फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें ट्राइलीगल और जेएसए एडवोकेट्स एंड सॉलिसिटर्स शामिल हैं। दोनों से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।
सेक्टर-42 में औचक निरीक्षण, तय सीमा से ज्यादा कर्मचारी मिले
एसडीएम बादशाहपुर की टीम ने 5 नवंबर को सेक्टर-42 स्थित गोदरेज जीसीआर परिसर में दोनों फर्मों के कार्यालयों का निरीक्षण किया था। इस दौरान निर्धारित 50 फीसदी सीमा से अधिक कर्मचारी मौजूद मिले।
नोटिस के मुताबिक, जेएसए में कुल 117 कर्मचारी हैं, जबकि निरीक्षण के दौरान करीब 87 कर्मचारी कार्यालय में मिले। नियम के अनुसार अधिकतम 58-59 कर्मचारियों को ही कार्यालय आने की अनुमति थी।
वहीं, ट्राइलीगल में कुल 262 कर्मचारियों में से करीब 160 कर्मचारी मौजूद पाए गए, जबकि निर्धारित सीमा 131 कर्मचारियों की थी।
20 नवंबर तक लागू रहेगा वर्क फ्रॉम होम नियम
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग अधिनियम के निर्देशों के बाद गुरुग्राम के डीसी उत्तम सिंह ने 3 नवंबर को आदेश जारी किया था। इसके तहत 5 से 20 नवंबर तक जिले के निजी संस्थानों और कार्यालयों में अधिकतम 50 फीसदी कर्मचारियों को ही कार्यालय बुलाने की अनुमति है। बाकी कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम अनिवार्य है।
24 घंटे में देने होंगे उपस्थिति के रिकॉर्ड
एसडीएम बादशाहपुर की ओर से जारी नोटिस में दोनों फर्मों से 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब के साथ ये दस्तावेज मांगे गए हैं:
- कर्मचारियों की कुल संख्या का रिकॉर्ड।
- 5 नवंबर की बायोमेट्रिक और उपस्थिति रिपोर्ट।
- कार्यालय बुलाए गए कर्मचारियों का रोस्टर।
- वर्क फ्रॉम होम करने वाले कर्मचारियों का विवरण।
- जवाब नहीं मिला तो हो सकती है कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, सोशल मीडिया पर नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद विभिन्न कार्यालयों में औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग अधिनियम, 2021 की धारा 14 के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)