बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश ही नहीं दुनिया के कई हिस्सों में देखी जा सकती है छठ की महत्ता
नई दिल्ली। छठ पर्व सूर्य की उपासना से जुड़ा है और श्रद्धालुओं की मान्यता है कि छठ के दिन सूर्य की उपासना से छठी माई प्रसन्न होती हैं। छठ पर्व मूल रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पड़ोसी देश नेपाल के कुछ क्षेत्रों में मनाया जाता है। अब बदलते समय के साथ इसकी तस्वीर भारत ही नहीं, दुनिया के कई हिस्सों में देखी जा सकती है। छठ पूजा चार दिन तक चलने वाला एक कठिन आध्यात्मिक व्रत है। छठ पूजा के इन चार दिनों में पहले दिन नदी, तालाब या पानी में डुबकी लगाई जाती है।
बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश में छठ की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार और कई राज्यों की सरकारें भी तैयारी करती है। इन दिनों दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और अन्य कई राज्यों के रेलवे स्टेशनों पर लोगों की बड़ी भीड़ देखी जा रही है। छठ के लिए नदियों, तालाबों वगैरह में घाटों की सफाई और नए घाट बनाए जाते हैं। कई जगहों पर व्रतियों की सुविधा के लिए अस्थायी तालाब का निर्माण भी कराया जाता है।
छठ का पहला दिन 'नहाय खाय' के रूप में मनाया जाता है जिसमें घर की सफ़ाई, फिर स्नान और शाकाहारी भोजन से व्रत की शुरुआत की जाती है। दूसरे दिन व्रतधारी दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को भोजन करते हैं, जिसे खरना कहा जाता है। उपवास पूजा करने के बाद देर शाम को तोड़ा जाता है। इस दिन प्रसाद में चावल की खीर और फल होते हैं, जिन्हें परिवार के सदस्यों और करीबियों में बांटा जाता है। तीसरे दिन प्रसाद के रूप में ठेकुआ (आटे, गुड़ चीन और चावल से बना) चावल के लड्डू और चढ़ावे के रूप में फल आदि भी शामिल होते हैं। शाम को बांस की टोकरी में अर्घ्य का सूप सजाया जाता है और तालाब या नदी किनारे सामूहिक रूप से सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। तीसरे दिन की रात 'कोसी' नाम का एक कार्यक्रम होता है। गन्ने की डंडियों से एक छतरी बनाई जाती है और छतरी के अंदर जलते हुए मिट्टी के दीये प्रसाद से भरी टोकरियों के साथ रखे जाते हैं।
चौथे दिन कार्तिक शुक्ल सप्तमी को उगते सूरज को अर्घ्य दिया जाता है। व्रतधारी दोबारा वहीं जाते हैं जहां एक दिन पहले शाम को अर्घ्य दिया था। दोबारा पिछली शाम की तरह ही सूर्य को अर्ध्य दिया जाता है। इस रस्म के बाद, भक्त अपना व्रत तोड़ते हैं और पड़ोसियों व रिश्तेदारों को प्रसाद बांटते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)