तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र से 9.56 लाख और घरों को मंजूरी देने का किया आग्रह

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत राज्य के लिए शेष 9.56 लाख मकानों को जल्द से जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य में अल नीनो के प्रभाव, कम बारिश के चलते किसानों की समस्याओं और ग्रामीण रोजगार विस्तार के लिए भी केंद्र से विशेष आर्थिक व नीतिगत सहयोग मांगा। जानिए रेवंत रेड्डी और शिवराज सिंह चौहान की मुलाकात के प्रमुख बिंदु और आवास योजना से जुड़ी पूरी रिपोर्ट।

Sep 18, 2026 - 15:08
0 2
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र से 9.56 लाख और घरों को मंजूरी देने का किया आग्रह

हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को केंद्र से राज्य के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत 9.56 लाख घरों को मंजूरी देने का आग्रह किया।

रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक के दौरान यह मांग रखी मुख्यमंत्री ने पीएमएवाई-जी योजना के तहत पहले चरण में राज्य को 2 लाख घर आवंटित करने के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद किया।

रेवंत रेड्डी ने जुलाई में दिल्ली में केंद्रीय मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा था, जिसमें 11,56,915 पात्र ग्रामीण परिवारों के लिए घरों की मंजूरी का अनुरोध किया गया था। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से राज्य की मांग के अनुसार बाकी 9.56 लाख घर आवंटित करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को राज्य पर अल नीनो के असर के बारे में जानकारी दी। सीएम ने बताया कि बारिश की कमी के कारण कृषि क्षेत्र में बिजली की खपत बढ़ गई है, जबकि राज्य सरकार ने अल नीनो की स्थिति के बीच पीने के पानी और बिजली की कमी को रोकने के लिए पहले से ही योजनाएं तैयार कर ली हैं।

रेवंत रेड्डी ने कृषि क्षेत्र में अल नीनो से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र से जरूरी मदद का अनुरोध किया। उन्होंने यह भी कहा कि अल नीनो की स्थिति को देखते हुए राज्य में किसानों को वैकल्पिक फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र से सहयोग का आग्रह किया और किसानों को फसल विविधीकरण (अलग-अलग तरह की फसलें उगाने) के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत पर जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री को बताया गया कि तेलंगाना देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जो राशन की दुकानों के जरिए गरीबों को अच्छी गुणवत्ता वाला चावल मुफ्त में उपलब्ध करा रहा है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बताया कि अच्छी किस्म के धान के लिए किसानों को 500 रुपये का बोनस देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 250 एकड़ में फैले फल और सब्जी बाजार की स्थापना की भी घोषणा की। इस मौके पर आवास मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, कृषि मंत्री तुम्माला नागेश्वर राव, मुख्य सचिव संजय जाजू और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User