मेरठ: बीड़ी जलाने पर अरुणाचल-सिक्किम के छात्रों में मारपीट, मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
- ईंट-पत्थर चलाए; पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
- परतापुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार छात्रों को हिरासत में लिया.
नॉकआउट न्यूज रिपोर्टर मेरठ। शनिवार देर रात्रि सुभारती यूनिवर्सिटी के छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। विवाद बीड़ी जलाने को लेकर शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में शराब और बीयर की बोतलें फेंकी गईं। ईंट-पत्थर भी चले। झगड़े में अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिमी यूपी के छात्र शामिल थे। घटना में 6 से अधिक छात्र घायल हुए हैं। सभी को मेडिकल के लिए भेजा गया। अरुणाचल प्रदेश के रिटायर्ड डीजीपी रोविन हिब्रू की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। परतापुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार छात्रों को हिरासत में लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना परतापुर थाना क्षेत्र के सुशांत सिटी की है।
बीड़ी देने पर शुरू हुआ विवाद
सुशांत सिटी कॉलोनी के सेक्टर-3 स्थित एफ-ब्लॉक में अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के छात्र स्थानीय छात्रों के साथ अलग-अलग पार्टियां कर रहे थे। इसी दौरान मुजफ्फरनगर के रहने वाले गौरव ने सिक्किम के संजू तबंग से सिगरेट मांगी। संजू के पास सिगरेट नहीं थी, इसलिए संजू ने उसे बीड़ी दे दी। गौरव ने बीड़ी को लाइटर से जलाने के लिए कहा। अरुणाचल और सिक्किम के छात्रों ने इससे इनकार कर दिया। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। छात्रों ने एक-दूसरे पर बीयर और शराब की बोतलें फेंकीं। ईंट-पत्थर से भी हमला किया गया।
दोनों पक्षों के छात्र घायल
मारपीट में सिक्किम के संजू तबंग, अरुणाचल प्रदेश के सितम वाके और युकुम ताके समेत स्थानीय छात्रों में मुजफ्फरनगर के गौरव, वंश और अवीश कुमार, दिल्ली के शादांश और बागपत के अटल घायल हुए। सभी का मेडिकल कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर अरुणाचल प्रदेश के रिटायर्ड डीजीपी रोविन हिब्रू ने यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण और मेरठ के एसएसपी बीवीजीटीएस मूर्ति से शिकायत की। इसके बाद कॉलोनी में छात्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई।
चार लोगों को हिरासत में लिया गया
एसएसपी बीवीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मामले की जांच एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले को सौंपी गई है। परतापुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शादांश, वंश, अवधेश और अटल को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम यूनियन के पदाधिकारी मनीले वालो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल भी दिल्ली से मेरठ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ राम प्रकाश और परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
वहीं, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के छात्रों ने आरोप है कि उनके इधर की छात्राएं बाजार जा रही थीं, तभी स्थानीय छात्रों ने उनका रास्ता रोककर अभद्रता की धमकी दी। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
यह खबर भी पढ़िए : मेरठ में तेज रफ्तार का कहर, ट्रक ने चार लोगों को रौंदा, तीन की मौत, गांव में पसरा मातम
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)