मेरठ में आंखों की एलर्जी और संक्रमण के मरीजों में बढ़ोतरी
- समय पर इलाज से मिलती है राहत, स्वच्छता ही सबसे बड़ा बचाव.
- बिना सलाह आई ड्रॉप न करें इस्तेमाल.
- बरसात में बढ़ी परेशानी, OPD में हर दिन औसतन 50 नेत्ररोगी अधिक पहुंच रहे; आंखों में एलर्जी के 25% मरीज बढ़े।
KNOCKOUT NEWZ MEERUT: बरसात के साथ आंखों की एलर्जी और संक्रमण के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं, LLRM मेडिकल कॉलेज की OPD में सामान्य दिनों के मुकाबले आंखों की एलर्जी के मरीजों में करीब 25% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आमतौर पर जहां 200 मरीज एक दिन में ओपीडी आते थे, वहीं अब रोजाना औसतन 50 अतिरिक्त मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बरसात में थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण को गंभीर बना सकती है, इसलिए बिना सलाह आई ड्रॉप का इस्तेमाल न करें और आंखों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
डॉक्टर लोकेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि आंखों में लगातार लालपन, खुजली, जलन या पानी आने की शिकायत हो तो इसे नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और सही उपचार से संक्रमण व एलर्जी को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। उनका कहना है कि थोड़ी-सी सावधानी और साफ-सफाई अपनाकर बरसात के मौसम में आंखों से जुड़ी अधिकांश समस्याओं से बचा जा सकता है। डॉक्टर सिंह ने कहा कि संक्रमण से बचने के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता बेहद जरूरी है। बाहर से घर लौटने पर हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोना चाहिए और गंदे हाथों से आंखों को छूने या मलने से बचना चाहिए। इसके अलावा तौलिया, रूमाल, तकिया और अन्य निजी उपयोग की वस्तुएं किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे संक्रमण फैलने का खतरा रहता है।
नेत्र विशेषज्ञ ने सलाह दी ''आंखों में किसी भी तरह की परेशानी होने पर मेडिकल स्टोर से खुद दवा या आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल न करें। पहले नेत्र रोग विशेषज्ञ से जांच कराएं और उनकी सलाह के अनुसार ही उपचार लें। गलत दवा या स्टेरॉयड युक्त आई ड्रॉप का उपयोग संक्रमण को बढ़ा सकता है और आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है।''
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)