पीएम मोदी ने वडोदरा में ₹35,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा में आयोजित एक भव्य समारोह में ₹35,000 करोड़ से अधिक की लागत वाली कई ऐतिहासिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरे का सबसे बड़ा मील का पत्थर वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन प्रमुख खंडों का राष्ट्र को समर्पण रहा, जो ₹20,700 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार हुए हैं। जानिए वडोदरा में पीएम मोदी के विकास एजेंडे, नई रेल सेवाओं और बुनियादी ढांचा विस्तार से जुड़ी पूरी विस्तृत रिपोर्ट।
वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में करीब 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित किया।
पीएम मोदी ने कहा, "महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी का ये मैदान, अलग-अलग फील्ड में काम करने वाले सभी साथियों का साथ और विकास का ये उत्सव, यहां सब कुछ एक साथ हो रहा है।"
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत में गुजरात के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "आज मैं विकसित भारत की यात्रा को और गति देने के लिए आपके बीच आया हूं। थोड़ी देर पहले यहां देश के विकास से जुड़े हजारों करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।"
पीएम मोदी ने वडोदरा के लोगों की तारीफ करते हुए कहा, "इस विकास पर्व में आप सभी ने जिस सेवाभाव से पूरे वडोदरा शहर में स्वच्छता से स्वागत अभियान चलाया है, इसके लिए मैं वडोदरा के हर एक नागरिक को हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं और उनकी सराहना करता हूं।"
उन्होंने कहा, "जिस तरह से आपने 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान चलाया है, उसके लिए भी मैं आपको बधाई देता हूं।" पीएम मोदी ने कहा कि हर परिवार में स्वच्छता का वातावरण बन गया है। उन्होंने कहा, "इस बार जब गणेश जी पधारेंगे तो सारे आशीर्वाद बरसेंगे।"
उन्होंने कहा, "इस वर्ष लाल किले से मैंने विकसित भारत के लिए संकल्प की सप्तधारा का आह्वान किया है। इस सप्तधारा में एक धारा गतिशक्ति की भी है। विकसित भारत के लिए हमें ऐसी कनेक्टिविटी चाहिए, जो सुगम भी हो और जमाने के हिसाब से जरा तेज भी हो।"
वडोदरा को गतिशक्ति यूनिवर्सिटी का शहर बताते हुए पीएम ने कहा, "आज यहां से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। आज 2,800 किमी से अधिक का डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा हो गया है। ये 21वीं सदी के भारत के लिए बहुत ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ है।"
इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई सांसद और नेता मौजूद रहे।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)