पीयूष गोयल ने भारत-सिंगापुर आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने पर दिया जोर, व्यापार और निवेश सहयोग बढ़ाने की दोहराई प्रतिबद्धता

Aug 21, 2026 - 11:19
0 1
पीयूष गोयल ने भारत-सिंगापुर आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने पर दिया जोर, व्यापार और निवेश सहयोग बढ़ाने की दोहराई प्रतिबद्धता
Piyush Goyal

सिंगापुर। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और सिंगापुर के बीच आर्थिक साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि भारत न केवल सिंगापुर बल्कि पूरे एशिया के साथ अपने आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच मजबूत कारोबारी साझेदारी और निवेश सहयोग पर विशेष जोर दिया। 

सिंगापुर में आयोजित इंडिया-सिंगापुर बिजनेस फोरम में गैर-लाभकारी बिजनेस स्कूल आईएनएसईएडी के पूर्व छात्रों, छात्रों, सिंगापुर के उद्यमियों और भारतीय उद्योग प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत की मजबूत आर्थिक प्रगति और निवेश संभावनाओं को रेखांकित किया। इस दौरान उनकी आईएनएसईएडी के प्रोफेसर समीर हसीजा के साथ भी विस्तृत चर्चा हुई।

गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार कारोबार सुगमता बढ़ाने, निवेश आकर्षित करने और उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार सुधार कर रही है।"

उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर प्रदान करता है।

केंद्रीय मंत्री ने इससे पहले कहा था कि भारतीय किसानों और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए सिंगापुर तथा पूरे आसियान क्षेत्र और ऑस्ट्रेलियाई बाजार में नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं।

गोयल ने सिंगापुर की विदेश एवं व्यापार-उद्योग राज्य मंत्री गैन सियो हुआंग तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ एपीडा-फेयरप्राइस रोडशो और स्टोर-आधारित प्रचार कार्यक्रम में भाग लिया।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि इस पहल के माध्यम से भारत के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले जैविक उत्पाद, ताजे फल और सब्जियां, जमे हुए फल एवं सब्जियां, दुग्ध उत्पाद, काजू, चावल, मोटे अनाज आधारित उत्पाद और अन्य खाद्य वस्तुओं को सिंगापुर के उपभोक्ताओं के बीच बढ़ावा दिया जा रहा है।

पीयूष गोयल ने सिंगापुर स्थित वैश्विक परामर्श और निवेश संस्था ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोपनेंदु मोहंती से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों के बीच वित्तीय नवाचार, प्रौद्योगिकी और डिजिटल अर्थव्यवस्था के उभरते क्षेत्रों में भारत-सिंगापुर सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान भारत की तेजी से विकसित हो रही वित्तीय प्रणाली और सिंगापुर के वैश्विक वित्तीय एवं प्रौद्योगिकी नेटवर्क के बीच सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। गोयल ने कहा कि दोनों देशों की क्षमताएं मिलकर नई आर्थिक संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त कर सकती हैं।

मंत्री ने केपेल इंफ्रास्ट्रक्चर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिंडी लिम से भी मुलाकात की और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में सहयोग के अवसरों पर चर्चा की।

इस बीच, पीयूष गोयल ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के साथ मिलकर चौथे भारत-सिंगापुर मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन में भी हिस्सा लिया। इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों देशों के मंत्रियों ने निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, कनेक्टिविटी और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User