यूपी में कल से एक लाख सरकारी नौकरियों का महाअभियान, चुनाव से पहले युवाओं को साधने की कोशिश
चुनाव नजदीक आते ही उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को लुभाने के लिए बड़ा दांव खेलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, और अब इसकी शुरुआत कल से होने जा रही है। हाल ही में उठे जेन-ज़ी आंदोलन के बाद युवाओं में जो नाराजगी और बेचैनी दिखी थी, उसे शांत करने के लिए यह अभियान सरकार का सबसे बड़ा हथियार माना जा रहा है।
दूसरी ओर विपक्ष खासकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव लगातार सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। उनका आरोप है कि योगी सरकार ने युवाओं को पर्याप्त नौकरियां नहीं दीं, और उन्होंने वादा किया है कि सपा सत्ता में आने पर युवाओं को रोजगार देना उनकी प्राथमिकता होगी।
अब तक कितनी नौकरियां मिलीं, आंकड़ों में समझें
साल 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अब तक प्रदेश में भर्तियों का आंकड़ा काफी बड़ा रहा है। सबसे ज्यादा भर्ती पुलिस विभाग में हुई है, जहां पिछले नौ सालों में 2.20 लाख से अधिक पुलिसकर्मी — कांस्टेबल, सब-इंस्पेक्टर और होमगार्ड सहित — भर्ती किए जा चुके हैं। शिक्षा विभाग भी पीछे नहीं है, यहां डेढ़ लाख से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती हुई है, जिसमें 69,000, 68,500 और 12,500 शिक्षकों की अलग-अलग भर्तियां शामिल हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत भी 28,622 से ज्यादा नियुक्तियां की गई हैं। लोक सेवा आयोग के जरिए साढ़े नौ सालों में 48,593 से अधिक अधिकारियों की भर्ती हुई है, जबकि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) में 46,032 से ज्यादा पदों पर भर्तियां हो चुकी हैं। स्वास्थ्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में भी कनिष्ठ विश्लेषक और डेंटल हेल्थ साइंटिस्ट जैसे पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
अब नई शुरुआत, कल से मिलेगी रफ्तार
इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए साल 2026 में सीएम योगी ने कम से कम एक लाख नई नौकरियां देने का ऐलान किया है, जिसका शुभारंभ कल से होगा। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा पुलिस विभाग का होगा, जहां 77 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी, जबकि शिक्षा विभाग में 15 हजार भर्तियां की जाएंगी। बाकी बची नौकरियां अन्य विभागों में दी जाएंगी।
साफ है कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले सरकार एक लाख नौकरियों का यह लक्ष्य पूरा करके युवाओं के बीच अपनी छवि मजबूत करने की पूरी कोशिश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)