Mann Ki Baat: 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान पर बोले पीएम मोदी; डिजिटल क्रिएटर्स से मांगा साथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' (Mann Ki Baat) के नवीनतम संस्करण में देश को नशामुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को दोहराते हुए 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान पर विशेष बल दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देश की युवा शक्ति का शारीरिक, मानसिक और वैचारिक रूप से स्वस्थ व सशक्त होना अनिवार्य है। जानिए 'मन की बात' में पीएम मोदी के संबोधन के मुख्य बिंदुओं, क्रिएटर्स से की गई अपील और नशामुक्ति अभियान से जुड़ी पूरी विस्तृत रिपोर्ट।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 137वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान पर विशेष जोर दिया।
पीएम मोदी ने कहा, "'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' यह अभियान इस समय पूरे देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसका लक्ष्य बिल्कुल साफ है - नशा मुक्त युवा, ड्रग फ्री इंडिया। बहुत सारे लोग, विशेषकर हमारे युवा, बहुत बड़ी संख्या में इसका हिस्सा बन रहे हैं। आखिर यह भारत के युवाओं की हेल्थ, उनकी हैप्पीनेस और उज्ज्वल भविष्य के लिए ही हमारा सामूहिक संकल्प है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत सिर्फ एक व्यक्ति को अपने लपेटे में नहीं लेती, इसके दुष्परिणाम पूरे परिवार और समाज को भी झेलने पड़ते हैं। उन्होंने उन लोगों की सराहना की जो ड्रग्स के खिलाफ दूसरों को जागरूक करते हैं और नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए आगे आते हैं।
पीएम मोदी ने देश के युवाओं, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "नशा मुक्त भारत के लिए क्या आप कोई पावरफुल स्लोगन बना सकते हैं? क्या हमारे युवा संगीतकार ऐसे गाने बना सकते हैं जिनमें ड्रग फ्री लाइफ का मैसेज हो? क्या स्टूडेंट्स और थिएटर ग्रुप्स दिल को छू लेने वाले शॉर्ट प्ले लिख सकते हैं जिनमें ड्रग्स के खतरों के साथ-साथ उनसे बाहर निकलने का रास्ता भी बताया गया हो?"
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में बेहतरीन कंटेंट क्रिएटर्स की कमी नहीं है और वे अलग-अलग भाषाओं में ऐसा कंटेंट बनाएं जिससे समाज को इस दिशा में मदद मिले। उन्होंने लोगों से अपने प्रयासों को सोशल मीडिया पर हैशटैग के साथ शेयर करने का भी आग्रह किया।
पीएम मोदी ने कहा, "कई बार क्रिएटिव एफर्ट, फॉर्मल कैंपेन से ज्यादा असरदार होते हैं।" उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, "आइए, भारत के युवा को नशे से दूर रखने, नशे से मुक्त रखने, इस पवित्र कार्य में हम सब अपनी भूमिका निभाएं। आप अपने प्रयास को #नशामुक्तयुवा के साथ सोशल मीडिया पर भी जरूर शेयर करें।"
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)