भारत के रिन्यूएबल एनर्जी हब खावड़ा को मिला अपना पिन कोड

Sep 27, 2026 - 14:01
0 2
भारत के रिन्यूएबल एनर्जी हब खावड़ा को मिला अपना पिन कोड
Khavda PIN Code

अहमदाबाद। भारत के रिन्यूएबल एनर्जी हब को एक अलग भौगोलिक पहचान देते हुए गुजरात के कच्छ स्थित खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क को अपना अलग डाक सूचकांक नंबर (पिन कोड) 370246 मिल गया है। इसके साथ ही यहां इंडिया पोस्ट का अपना डिलीवरी कार्यालय भी शुरू किया गया है।

उपलब्ध डाक और डिजिटल बैंकिंग सेवाएं

खावड़ा पोस्ट ऑफिस में स्पीड पोस्ट, पार्सल बुकिंग और डिलीवरी, पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक की सुविधाएं और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की सेवाएं उपलब्ध होंगी। इनमें आधार-आधारित डिजिटल बैंकिंग भी शामिल है।

बदलते परिदृश्य और बुनियादी ढांचे की जरूरत

यह समर्पित डाक सुविधा ऐसे समय में शुरू की गई है, जब खावड़ा कच्छ के कम आबादी वाले इलाके से विकसित होकर एक बड़े रिन्यूएबल एनर्जी हब में बदल गया है। यहां कर्मचारियों की संख्या बढ़ रही है, आवासीय टाउनशिप विकसित हो रही हैं और सहायक बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है।

इससे पहले इलाके की डाक सेवाएं करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित पोस्ट ऑफिस और कुरान ब्रांच पोस्ट ऑफिस के जरिए संचालित होती थीं। रिन्यूएबल एनर्जी पार्क के विस्तार और यहां रहने तथा काम करने वाले लोगों की बढ़ती संख्या के साथ एक समर्पित डाक सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी।

लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स और विशिष्ट पहचान का महत्व

नया पिन कोड रिन्यूएबल एनर्जी पार्क को एक अलग डाक पता देता है। इससे यह सीधे इंडिया पोस्ट के डिलीवरी नेटवर्क से जुड़ गया है और साइट पर मौजूद कारोबारों, कर्मचारियों और सेवा प्रदाताओं की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

पिन कोड की व्यापक भूमिका बैंकिंग, बीमा, लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स सेवाओं की उपलब्धता तय करने में भी होती है। खावड़ा के लिए ‘370246’ इस रिन्यूएबल एनर्जी हब को एक विशिष्ट भौगोलिक पहचान देता है। यह इसे आसपास के क्षेत्रों से अलग करता है और आर्थिक गतिविधियों, बुनियादी ढांचे के विकास और रणनीतिक राष्ट्रीय महत्व के केंद्र के रूप में इसके बढ़ते महत्व को दर्शाता है।

अदाणी ग्रीन एनर्जी का विस्तार और साइट पर सुविधाएं

समर्पित पिन कोड इस बात का एक और उदाहरण है कि क्षेत्र में अदाणी समूह द्वारा रिन्यूएबल एनर्जी परियोजना का विकास शुरू किए जाने के बाद से खावड़ा किस तरह बदल गया है।

रिन्यूएबल एनर्जी पार्क को अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) और अन्य डेवलपर्स द्वारा विकसित किया जा रहा है। एजीईएल का प्लांट करीब 538 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। अदाणी द्वारा खावड़ा में 10 गीगावाट से अधिक रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता पहले ही चालू की जा चुकी है। एजीईएल की परियोजना को 2029 तक 30 गीगावाट क्षमता तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

अदाणी ग्रीन एनर्जी के प्लांट में करीब 15,000 कर्मचारी और स्टाफ साइट पर रहते हैं। बढ़ते समुदाय को स्वास्थ्य सुविधाओं, रिटेल आउटलेट्स, मनोरंजन क्षेत्रों और बैंकिंग सेवाओं का भी समर्थन मिल रहा है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User