'श्रीरामचरितमानस' के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

कालजयी महाकाव्य 'श्रीरामचरितमानस' के रचयिता और भक्तिकाल के महान संत-कवि गोस्वामी तुलसीदास की पावन जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। नेताओं ने तुलसीदास जी के आध्यात्मिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनके द्वारा रचित रामचरितमानस और हनुमान चालीसा सदियों से भारतीय जनमानस को मर्यादा, भक्ति और सदाचार की प्रेरणा दे रहे हैं। जानिए गोस्वामी तुलसीदास जयंती पर राष्ट्र के नमन से जुड़ी पूरी रिपोर्ट।

Aug 19, 2026 - 10:54
0 1
'श्रीरामचरितमानस' के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
Tulsidas Jayanti: Lok Sabha Speaker Om Birla & Leaders Pay Tribute

नई दिल्ली। 'श्रीरामचरितमानस' के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। ओम बिरला ने कहा कि तुलसीदास की वाणी की रामभक्ति और साहित्य का प्रकाश आने वाली पीढ़ियों को भी सदैव सत्य, मर्यादा और धर्म के पथ पर प्रेरित करता रहेगा।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "लोकभाषा में भक्ति को स्वर देने वाले, भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन के जीवन से जोड़ने वाले महाकवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर शत-शत नमन। तुलसीदास ने अपनी अद्भुत लेखनी से भगवान श्रीराम के चरित्र को भारतीय जनमानस के जीवन-मूल्यों का आधार बना दिया। उनकी अमर रचना 'श्रीरामचरितमानस' में मर्यादा, करुणा, त्याग, सत्य, कर्तव्य और धर्म का ऐसा समन्वय है, जो हर युग में मनुष्य को जीवन की सही दिशा दिखाता है।"

उन्होंने आगे लिखा, "भक्त शिरोमणि तुलसीदास जी ने संस्कृत की गूढ़ आध्यात्मिक चेतना को लोकभाषा की सरलता और सरसता में ढालकर भक्ति को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी रचनाओं में भक्ति की गहराई, दर्शन की व्यापकता और लोकजीवन की सहज अनुभूति एक साथ दिखाई देती है। श्रीरामचरितमानस के साथ ही विनय पत्रिका, कवितावली, दोहावली, गीतावली और वैराग्य संदीपनी जैसी अमूल्य कृतियों के माध्यम से उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को समृद्ध करने का काम किया। उनकी वाणी की रामभक्ति और साहित्य का प्रकाश आने वाली पीढ़ियों को भी सदैव सत्य, मर्यादा और धर्म के पथ पर प्रेरित करता रहेगा।"

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी महाकवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर उन्हें नमन किया। गडकरी ने पोस्ट किया, "गोस्वामी तुलसीदास जयंतीकी हार्दिक शुभकामनाएं। महान कवि तुलसीदास जी को कोटि-कोटि नमन।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "अमर महाकाव्य 'श्रीरामचरितमानस' के रचयिता, भक्तिधारा के महान कवि, 'पूज्यपाद' गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज की जयंती पर कोटि-कोटि नमन और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। उन्होंने अपनी दिव्य कृतियों के माध्यम से प्रभु श्री राम के आदर्शों, सनातन संस्कृति और भारतीय जीवन मूल्यों के अमृत संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। उनका कालजयी साहित्य लोकमंगल का शाश्वत पथप्रदर्शक है।"

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तुलसीदास को नमन करते हुए लिखा, "मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के चरित्र के माध्यम से गोस्वामी जी ने जो मंगलकारी और शुभ दीप प्रज्वलित किया है, वह अनंतकाल तक जनमानस को आलोकित करता रहेगा।"

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की अनन्य भक्ति को जनमानस का जीवन-संस्कार बनाने वाले, महाकाव्य 'श्रीरामचरितमानस' और लोकवंदित 'हनुमान चालीसा' के रचयिता, महान संत और महाकवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर कोटि-कोटि नमन।"

मुख्यमंत्री रेखा ने लिखा, "तुलसीदास की वाणी ने भक्ति को लोकमंगल से, आस्था को आचरण से और धर्म को कर्तव्य व मर्यादा से जोड़ा। उनकी कालजयी कृतियों ने भारतीय समाज में रामत्व, कर्तव्यबोध, समरसता और सांस्कृतिक स्वाभिमान की चेतना को युगों तक जीवंत रखा है। उनका साहित्य सनातन सभ्यता की आत्मचेतना, भारत की आध्यात्मिक परंपरा और हमारी राष्ट्रीय अस्मिता की अक्षय निधि है।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पोस्ट किया, "प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त, महान संत, महाकवि और अमर कृति 'श्रीरामचरितमानस' के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन। उनकी अमर कृति 'श्रीरामचरितमानस' भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन मूल्यों की अनुपम धरोहर है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, धर्म और लोकमंगल का उनका दिव्य संदेश युगों-युगों तक मानवता को सत्य, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर प्रेरित करता रहेगा।"

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने लिखा, "'श्रीरामचरितमानस' के रचनाकार, महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। प्रभु श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा को जन-जन तक पहुँचाने वाली उनकी अमर रचनाएं सदैव प्रेरणा देती रहेंगी।"


इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User