दिल्ली एयरपोर्ट पर 150 मिलियन डॉलर के निवेश से इंटीग्रेटेड एयर कार्गो हब बनाएगी फेडएक्स

Aug 25, 2026 - 15:05
0 1
दिल्ली एयरपोर्ट पर 150 मिलियन डॉलर के निवेश से इंटीग्रेटेड एयर कार्गो हब बनाएगी फेडएक्स
Air Cargo

नई दिल्ली। ग्लोबल लॉजिस्टिक्स कंपनी फेडएक्स ने मंगलवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे स्थित जीएमआर क्रागो सिटी में एक इंटीग्रेटेड एयर कार्गो हब विकसित करने के लिए लगभग 150 मिलियन डॉलर के निवेश की घोषणा की। 

फेडएक्स ने बताया कि प्रस्तावित सुविधा करीब 2.30 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैली होगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय गेटवे और पिकअप-एंड-डिलीवरी ऑपरेशन को एक ही छत के नीचे लाया जाएगा, जिससे शिपमेंट की आवाजाही तेज होगी और परिचालन दक्षता बढ़ेगी।

इस परियोजना के भूमिपूजन समारोह में नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू भी शामिल हुए।

कंपनी के अनुसार, पूरी तरह ऑटोमेटेड यह हब शुरू होने के बाद 5,000 पैकेज प्रति घंटा प्रोसेस करने की क्षमता रखेगा। मांग बढ़ने के साथ इसकी क्षमता को और बढ़ाने की भी गुंजाइश होगी।

इस सुविधा में एडवांस ऑटो-सॉर्टर, नई पीढ़ी की एक्स-रे मशीनें, बेहतर सुरक्षा प्रणालियां और स्मार्ट पैकेज-हैंडलिंग तकनीक शामिल होंगी।

कंपनी ने कहा कि इन तकनीकों से शिपमेंट प्रोसेसिंग में सुधार, नेटवर्क की मजबूती और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

फेडएक्स के मध्य पूर्व, भारतीय उप महाद्वीप और अफ्रीका (एमईआईएसए) के अध्यक्ष कामी विश्वनाथन ने कहा कि भारत कंपनी के वैश्विक नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण बाजार है। उत्तर और पूर्वी भारत देश की बढ़ती व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

विश्वनाथन ने कहा, “दिल्ली में अपनी मौजूदगी मजबूत करने से इन बाजारों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और कारोबार के विस्तार में कंपनियों को सहायता मिलेगी। यह भारत में हमारे दीर्घकालिक भरोसे और देश की बदलती व्यापारिक जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यक क्षमता और क्षमताओं में निवेश की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

प्रस्तावित हब जीएमआर क्रागो सिटी में बनाया जाएगा। यह दिल्ली एयरपोर्ट पर विकसित किया जा रहा एक एकीकृत कार्गो और लॉजिस्टिक्स प्रोजेक्ट है।

जीएमआर क्रागो सिटी करीब 50 एकड़ में फैली है और इसमें कुल लगभग 15-20 लाख वर्ग फुट विकास की क्षमता है। इसके पहले चरण में करीब 30 एकड़ क्षेत्र में लगभग 10 लाख वर्ग फुट का विकास किया जाएगा।

जीएमआर एयरपोर्ट्स ने बताया कि पहले चरण का विस्तृत डिजाइन तैयार हो चुका है और शुरुआती तैयारियां शुरू हो गई हैं। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

जीएमआर एयरपोर्ट्स लिमिटेड के प्रेसिडेंट और सीईओ (कमर्शियल एंड ग्रोथ) राजेश अरोड़ा ने कहा कि फेडएक्स का जीएमआर क्रागो सिटी में अपना इंटीग्रेटेड हब स्थापित करने का फैसला दिल्ली एयरपोर्ट की वैश्विक लॉजिस्टिक्स गेटवे के रूप में बढ़ती भूमिका की पुष्टि करता है।

उन्होंने कहा कि यह सुविधा उत्तर और पूर्वी भारत के कारोबारों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने में मदद करेगी। साथ ही, इससे देश के बढ़ते व्यापार, ई-कॉमर्स और एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों को भी मजबूती मिलेगी।

  इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User