यूक्रेन में भारतीय दवा प्लांट पर ड्रोन अटैक, कंपनी ने जारी किया बयान

Oct 05, 2026 - 13:22
0 2
यूक्रेन में भारतीय दवा प्लांट पर ड्रोन अटैक, कंपनी ने जारी किया बयान
Drone attack on Indian pharmaceutical plant in Ukraine

नई दिल्ली। यूक्रेन के सुमी में भारतीय फार्मास्युटिकल कंपनी कुसुम हेल्थकेयर की विनिर्माण इकाई पर ड्रोन हमले में एक कर्मचारी की मौत हो गई और कई घायल हो गए। कंपनी ने एक बयान जारी कर इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि उसके जीवनरक्षक दवाओं के उत्पादन केंद्र को निशाना बनाया जाना ठीक नहीं है।

एक कर्मचारी की मौत, 5 करोड़ डॉलर का नुकसान

कुसुम हेल्थकेयर के मुताबिक, "4 अक्टूबर को हुए ड्रोन हमले में सुमी स्थित उसकी अत्याधुनिक विनिर्माण सुविधा को भारी नुकसान पहुंचा। हमले में एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राहत और स्थिति का आकलन करने का काम जारी है तथा नुकसान का प्रारंभिक अनुमान 5 करोड़ डॉलर से अधिक है।"

कंपनी पर दूसरी बार हुआ बड़ा हमला

कंपनी ने इस घटना को अप्रैल 2025 में यूक्रेन में उसके एक गोदाम पर हुए हमले के बाद दूसरी बड़ी घटना बताया है। उसके अनुसार, "14 अप्रैल 2025 को भी रूसी ड्रोन हमले में उसका यूक्रेनी गोदाम नष्ट हो गया था। उस हमले से उसे एक अरब यूक्रेनी रिव्निया से अधिक का नुकसान हुआ था।"

22 देशों में जीवनरक्षक दवाओं की सप्लाई

कुसुम हेल्थकेयर ने कहा कि वह भारत से संचालित अपनी विनिर्माण इकाइयों के जरिए 22 देशों को दवाओं का निर्यात करती है और यूक्रेन में भी आवश्यक दवाओं की आपूर्ति करती है। कंपनी ने कहा कि सुमी स्थित संयंत्र का काम लोगों के लिए जरूरी दवाओं का निर्माण करना था और युद्ध के बीच इस तरह की घटना का असर कर्मचारियों के साथ-साथ मरीजों पर भी पड़ता है।

भारत सरकार से हस्तक्षेप की अपील

कुसुम ने भारत सरकार से भी इस मामले में हस्तक्षेप की अपील की है। कंपनी का कहना है, ठउसने भारतीय फार्मास्युटिकल मंचों के माध्यम से सरकार के सामने अपनी चिंताएं रखी हैं और युद्ध क्षेत्र में काम कर रहे निजी स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए राजनयिक स्तर पर कदम उठाने का आग्रह किया है।"

भारत में कंपनी के तीन बड़े प्लांट

कंपनी के अनुसार, उसके भारतीय परिचालन में राजस्थान के भिवाड़ी में दो और मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित पीथमपुर एसईजेड में एक विनिर्माण इकाई शामिल है। यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच कंपनी को अपने कारोबार और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय प्रबंधन कर रहा नुकसान की समीक्षा

कुसुम हेल्थकेयर ने कहा कि भारतीय प्रबंधन घटना के बाद स्थिति की समीक्षा कर रहा है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक, मौजूदा नुकसान 5 करोड़ डॉलर से अधिक पहुंचने का अनुमान है।

सीमा के पास होने से सुमी में बढ़ता खतरा

सुमी यूक्रेन के उत्तर-पूर्व में रूस की सीमा के करीब स्थित है और युद्ध के दौरान यहां लगातार रूसी हमलों की खबरें आती रही हैं। ऐसे में वहां काम कर रही कंपनियों और उनके कर्मचारियों के लिए सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

घायलों की मदद और सुरक्षा प्राथमिकता

कंपनी ने कहा कि उसकी प्राथमिकता फिलहाल प्रभावित कर्मचारियों की सुरक्षा और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। साथ ही, वह अपने उत्पादन और दवाओं की आपूर्ति पर पड़े असर का भी आकलन कर रही है।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User