सीएम योगी ने बच्चियों से बंधवाई राखी, सेल्फी ली और ऑटोग्राफ भी दिया
लखनऊ। रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री आवास का आंगन बेटियों की चहलकदमी से शुक्रवार को उस समय खिलखिला उठा, जब 'बिटिया और बहना-यूपी का गहना' स्नेह बंधन कार्यक्रम एक अविस्मरणीय आयोजन बन गया। स्कूली बच्चियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कलाई पर स्नेह की डोर बांधकर भरोसे और विश्वास का रिश्ता प्रदर्शित किया तो मुख्यमंत्री ने भी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन का संकल्प दोहराया।
रक्षाबंधन पर शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को बच्चियों ने राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का भाव प्रकट किया। तो सीएम ने भी बच्चियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन पर स्नेह बरसाया। उन्हें आशीर्वाद व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समूचा माहौल भावुकता और अपनत्व से भर गया। संवाद के दौरान भी बच्चियों के चेहरे पर मुख्यमंत्री के प्रति स्नेह, अपनत्व व विश्वास झलक रहा था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि यह श्रद्धा, प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सरकार बहनों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित कर आधी आबादी के हित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बच्चियों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनकी शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत है। बेटियां परिवार ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश की शक्ति हैं। उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना और उनके सपनों को पंख देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चियों से खूब मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बच्चियों ने मुख्यमंत्री को स्नेह की डोर बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी बच्चियों को आशीर्वाद व उपहार प्रदान किए। छात्राओं ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद भी किया, जिससे पूरा वातावरण पारिवारिक आत्मीयता से भर उठा। राखी के इस पवित्र धागे में जहां बहनों का स्नेह और विश्वास था, वहीं मुख्यमंत्री की ओर से बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के प्रति संकल्प का भाव भी दिखाई दिया। रक्षाबंधन के इस अवसर पर स्नेह, सुरक्षा और विश्वास का यह रिश्ता सामाजिक संकल्प का प्रतीक बनकर उभरा।
स्नेह बंधन के इस कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मलिहाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर गोसाईगंज, भारत स्काउट एंड गाइड्स, द संस्कृति स्कूल, अटल आवासीय विद्यालय मोहनलालगंज, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज, लखनऊ पब्लिक कॉलेज ए-ब्लॉक राजाजीपुरम समेत अनेक विद्यालयों की छात्राएं मौजूद रहीं।
अद्रिका, अर्पिता, अंशिका, जाह्नवी, अंकिता, कोमल, आरोही, खुशी, दिव्या, अनायसा, स्तुति, तंजीम फातिमा आदि ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बच्चियों से उनकी पढ़ाई के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। फ्रेंड्स ऑफ योगी परिवार की वालंटियर्स ने भी मुख्यमंत्री को राखी भेजकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चियों से संवाद भी किया। शैल कुमारी, अनन्या, समृद्धि वर्मा, आयशा बानो, वैष्णवी पाल, दिव्या, अभिलाषा सिंह, आराध्या, श्रेयसी, सृजा, अग्रिमा, माही, याशिका, अनंशी, सुकैना आदि ने मुख्यमंत्री से संवाद किया और उनसे प्रश्न भी किए। मुख्यमंत्री सभी प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने संस्कृति स्कूल की बच्ची अनायसा भार्गव को ऑटोग्राफ भी दिया।
मुख्यमंत्री ने बच्चियों संग सेल्फी भी ली और फोटो भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाकर सभी का उत्साह देखते ही बन रहा था। उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर की कक्षा- 8 की छात्रा नंदिनी ने सीएम को अपने हाथ से बनाया रक्षाबंधन बधाई कार्ड भेंट किया।
इनपुट : आईएएनएस
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)