यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में अमित शाह बोले- तमंचों की फैक्ट्री की जगह बन रही ब्रह्मोस  

Sep 25, 2026 - 15:09
0 6
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में अमित शाह बोले- तमंचों की फैक्ट्री की जगह बन रही ब्रह्मोस  

Highlights

  • अमित शाह ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 4.0 का शुभारंभ किया.
  • अमित शाह ने कहा- ''कुछ लोग भारत की इकॉनमी को डेड बोलते हैं, मुझे लगता है उनकी सोच डेड है''
  • अमित शाह बोले- तमंचों की फैक्ट्री की जगह बन रही ब्रह्मोस.  
  • 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होगा ट्रेड शो ट्रेड.

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार से शुरू हुए चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार और बदलती अर्थव्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के विकास का इंजन बनकर उभर रहा है और प्रदेश में निवेश तथा उत्पादन का माहौल तेजी से मजबूत हुआ है। 25 सितंबर का दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती का दिन भी है। दीनदयाल उपाध्याय ने बहुत पहले मुक्त व्यापार और मुक्त खेती की अवधारणा के साथ देश के सामने आर्थिक नीति का एक दृष्टिकोण रखा था। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आगे चलकर अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को नई दिशा मिली।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय की बनाई जनसंघ आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी बनी और आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि करीब 12 वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मेक इन इंडिया' अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने मिलकर भारत को उत्पादन और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम किया। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश ने अपनी विकास दर को बनाए रखा है।

गृह मंत्री अमित शाह ने यूपीआईटीएस को उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर का उदाहरण बताते हुए कहा कि पहले संस्करण में व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश में आने की इच्छा जताई, दूसरे और तीसरे संस्करण में उनकी भागीदारी बढ़ी और अब चौथे संस्करण में उद्यमी प्रदेश के विकास में भागीदार बनने के लिए आगे आ रहे हैं। दुनिया भर से खरीदार और निवेशक ट्रेड शो में पहुंचे हैं। इससे प्रदेश में निवेश, उत्पादन और बिक्री के क्षेत्र में बढ़ोतरी की संभावनाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने के लक्ष्य में उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और माफिया का प्रभाव था। उनके अनुसार, 2017 के बाद प्रदेश में अपराध और माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई तथा औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने उद्योगों की समस्याओं के समाधान और निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सक्रियता दिखाई है। अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में हुए औद्योगिक बदलाव को उदाहरणों के जरिए समझाया।

तमंचों की फैक्ट्री की जगह बन रही ब्रह्मोस : अमित शाह 

उन्होंने कहा, ''तमंचों की फैक्ट्री की जगह ब्रह्मोस बन रही है। जिन स्थानों पर पहले वाहन चोरी की घटनाएं होती थीं, वहां अब वाहन निर्माण हो रहा है और चेन स्नैचिंग जैसे अपराधों के लिए बदनाम इलाकों में मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी औद्योगिक परियोजनाएं विकसित हो रही हैं।'' अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगरा, अलीगढ़ और अन्य क्षेत्रों में डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से रक्षा क्षेत्र में निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का रक्षा उत्पादन 1 लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार कर चुका है और भारत करीब 80 देशों को रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश का भी महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में उद्योगों के लिए आवश्यक ढांचा, नीतियां और सुविधाएं तैयार करने पर काम किया है। इसके परिणामस्वरूप देश और दुनिया के उद्योगों के बीच उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि बढ़ी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। पहले उत्तर प्रदेश के युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख करते थे, लेकिन अब प्रदेश में ही उद्योगों और निवेश के बढ़ने से रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

अमित शाह ने कहा- ''कुछ लोग भारत की इकॉनमी को डेड बोलते हैं, मुझे लगता है उनकी सोच डेड है''

उन्होंने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के एक्सप्रेसवे, मेट्रो और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का भी उल्लेख किया। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कई शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है और प्रदेश का बुनियादी ढांचा निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रहा है। अमित शाह ने भारत की आर्थिक प्रगति पर सवाल उठाने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ''कुछ लोग भारत की इकॉनमी को डेड बोलते हैं, मुझे लगता है उनकी सोच डेड है।''

उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और अनिश्चितताओं के बावजूद भारत ने अपनी विकास दर को बनाए रखा है और आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने नीतियों का निर्माण करने के साथ उन्हें जमीन पर लागू करने का काम किया है। आवश्यकता के अनुसार नीतियों में बदलाव और नई नीतियां बनाने की क्षमता ने भारत को वैश्विक स्तर पर उत्पादन के आकर्षक केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद की है। अमित शाह ने कहा कि भारत ने कई देशों और समूहों के साथ व्यापारिक समझौते किए हैं, जिससे भारतीय उद्योगों के लिए निर्यात के अवसर बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस जैसे आयोजनों से उत्तर प्रदेश के उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। अंत में गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इसी तरह आगे बढ़ता रहे और प्रदेश के उत्पादों की पहचान देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में बने।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User