अल्जाइमर डे 2026: लक्षण जल्दी पहचानें, देखभाल आसान बनाएं
अल्जाइमर एक ऐसी बीमारी है जो इंसान की याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता और रोजमर्रा के छोटे-छोटे कामों को धीरे-धीरे प्रभावित करने लगती है। अक्सर देखा जाता है कि लोग इसके शुरुआती लक्षणों को उम्र बढ़ने का सामान्य असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि ऐसा करना सही नहीं है। सही समय पर बदलावों को पहचान लेना और डॉक्टर से सलाह ले लेना आगे की देखभाल की बेहतर प्लानिंग में काफी मददगार साबित हो सकता है।
हर साल 21 सितंबर को विश्व अल्जाइमर दिवस मनाया जाता है, ताकि इस बीमारी को लेकर लोगों में ज्यादा से ज्यादा जागरूकता फैलाई जा सके। बात सीधी है बीमारी की पहचान जितनी जल्दी हो जाए, उतनी ही बेहतर तैयारी और सहायता की व्यवस्था की जा सकती है। इसलिए शुरुआती संकेतों को हल्के में लेना ठीक नहीं।
किन बदलावों पर रखें नजर
अल्जाइमर या डिमेंशिया के शुरुआती लक्षण हर व्यक्ति में अलग-अलग तरह से नजर आ सकते हैं, लेकिन कुछ आम बदलावों पर ध्यान देना जरूरी है। जैसे किसी को समय या जगह को लेकर बार-बार कंफ्यूजन होना, रोजमर्रा की छोटी-मोटी प्लानिंग या समस्याओं को सुलझाने में दिक्कत महसूस होना, और वो काम जो पहले आसानी से हो जाते थे, अब उन्हें करने में मुश्किल आना।
इसके अलावा अगर याददाश्त की कमी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने लगे, तो यह भी एक अहम संकेत हो सकता है। कुछ लोग धीरे-धीरे काम या सामाजिक गतिविधियों से भी दूरी बनाने लगते हैं। अगर ऐसे बदलाव दिखें, तो इन्हें सिर्फ बढ़ती उम्र का असर मानकर टालने के बजाय किसी स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना ज्यादा बेहतर रहेगा।
बचाव के लिए क्या करें
अल्जाइमर से बचाव के लिए शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से एक्टिव बने रहना बेहद जरूरी है। रोजाना व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं रोज टहलना, योग करना या अपनी क्षमता के हिसाब से कोई भी शारीरिक गतिविधि, ये सब शरीर के साथ-साथ दिमाग के लिए भी फायदेमंद हैं।
अपने दोस्तों और परिवार से जुड़ाव बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। लोगों से मिलना-जुलना, बातचीत करना और सामूहिक गतिविधियों में हिस्सा लेना व्यक्ति को मानसिक और भावनात्मक रूप से सक्रिय रखता है।
खाने में फल-सब्जियों को शामिल करते हुए संतुलित और पौष्टिक डाइट को प्राथमिकता दें। साथ ही पर्याप्त और नियमित नींद भी उतनी ही मायने रखती है कोशिश करें कि सोने और जागने का समय लगभग तय रहे।
दिमाग को हमेशा एक्टिव रखने के लिए कुछ नया सीखते रहें किताबें पढ़ना, कोई नया हुनर सीखना, म्यूजिक या क्रिएटिव एक्टिविटीज में दिलचस्पी लेना, ये सब मानसिक सक्रियता बनाए रखने में मदद करते हैं। साथ ही उन चीजों के लिए भी वक्त जरूर निकालें, जिनसे आपको सुकून और खुशी मिलती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)