RBI Approves LIC Stake In HDFC Bank: भारतीय रिजर्व बैंक ने LIC को HDFC बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99% तक करने की दी मंजूरी

देश के सबसे बड़े संस्थागत निवेशक भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक HDFC बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत तक करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से औपचारिक मंजूरी मिल गई है। जानिए इस बड़े बैंकिंग निवेश सौदे और बाजार प्रभाव से जुड़ी पूरी रिपोर्ट।

Aug 20, 2026 - 12:50
0 4
RBI Approves LIC Stake In HDFC Bank: भारतीय रिजर्व बैंक ने LIC को HDFC बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99% तक करने की दी मंजूरी

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को HDFC बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिल गई है। इस खबर के बाद गुरुवार के कारोबारी सत्र में घरेलू बाजार में एलआईसी और HDFC बैंक, दोनों के शेयरों में बढ़त देखने को मिली। 

HDFC बैंक के एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, RBI ने एलआईसी के उस आवेदन को मंजूरी दे दी है जिसके तहत वह बैंक की चुकता शेयर पूंजी अथवा मतदान अधिकारों में 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल कर सकती है।

वर्तमान में LIC के पास 14 अगस्त तक HDFC बैंक की कुल शेयर पूंजी का 4.11 प्रतिशत हिस्सा है। RBI की मंजूरी के बाद अब सरकारी बीमा कंपनी के पास अपनी हिस्सेदारी को दोगुने से अधिक स्तर तक बढ़ाने का विकल्प उपलब्ध हो गया है।

हालांकि, इस मंजूरी का यह अर्थ नहीं है कि एलआईसी तुरंत अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत कर देगी। किसी भी अतिरिक्त खरीदारी को RBI द्वारा निर्धारित शर्तों, सेबी के नियमों और अन्य नियामकीय प्रावधानों के अनुसार ही किया जाएगा।

HDFC बैंक ने अपने विवरण में कहा कि यह मंजूरी केंद्रीय बैंक द्वारा निर्धारित शर्तों और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के लागू नियमों के अनुपालन के अधीन है।

एलआईसी देश के सबसे बड़े संस्थागत निवेशकों में से एक है, जबकि HDFC बैंक भारत के प्रमुख निजी क्षेत्र के बैंकों में शामिल है। ऐसे में इस मंजूरी को वित्तीय क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

बाजार में इस खबर का सकारात्मक असर भी देखने को मिला। गुरुवार के शुरुआती कारोबार में एनएसई पर एलआईसी का शेयर 1.7 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 420.15 रुपए के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। दिन के सत्र में स्टॉक ने 421 रुपए का हाई छुआ। वहीं, कंपनी का पिछले 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 468.48 रुपए और निम्नतम स्तर 360.75 रुपए है।

वहीं HDFC बैंक का शेयर भी करीब 1 प्रतिशत चढ़कर 725.8 रुपए के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया। दिन के कारोबारी सत्र में बैंकिंग शेयर ने 728.30 रुपए का हाई टच किया। इसके साथ ही स्टॉक ने पिछले 52 सप्ताह के दौरान 1,020.50 रुपए का उच्चतम स्तर और 722 रुपए का न्यूनतम स्तर छुआ।

इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User