भारतीय ऑटो इंडस्ट्री ने अगस्त में दर्ज की अब तक की सबसे अधिक बिक्री

Sep 07, 2026 - 11:39
0 3
भारतीय ऑटो इंडस्ट्री ने अगस्त में दर्ज की अब तक की सबसे अधिक बिक्री
Indian Auto Industry

नई दिल्ली। भारतीय ऑटो रिटेल इंडस्ट्री ने अगस्त में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में कुल 24,23,201 वाहनों की खुदरा बिक्री हुई, जो पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 17.51 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान दोपहिया, यात्री वाहन, वाणिज्यिक वाहन, ट्रैक्टर और तीन-पहिया वाहनों समेत सभी कैटेगरी ने अगस्त में बिक्री के नए रिकॉर्ड बनाए। 

अगस्त में सबसे आगे व्हील्ड कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट रहा, जिसकी बिक्री में 31.45 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके बाद दोपहिया वाहनों में 19.69 प्रतिशत, यात्री वाहनों में 16.14 प्रतिशत और वाणिज्यिक वाहनों में 14.45 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। तीन-पहिया वाहनों की बिक्री 8.64 प्रतिशत बढ़ी, जबकि ट्रैक्टरों की बिक्री लगभग स्थिर रही और इसमें 0.84 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज की गई।

फाडा के अध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि जुलाई में रिकॉर्ड बिक्री के मुकाबले अगस्त में खुदरा बिक्री 6.48 प्रतिशत कम रही। इसकी वजह मानसून के दौरान सामान्य मौसमी सुस्ती और त्योहारों के कैलेंडर में बदलाव रहा। इस बदलाव के कारण गणेश चतुर्थी और ओणम से जुड़ी खरीदारी का कुछ हिस्सा सितंबर में चला गया।

दोपहिया वाहनों की अगस्त में खुदरा बिक्री 17,14,610 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 19.69 प्रतिशत अधिक है। यह अगस्त में दोपहिया वाहनों की अब तक की सबसे अधिक बिक्री है।

यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 4,02,398 यूनिट रही, जो पिछले साल अगस्त की तुलना में 16.14 प्रतिशत अधिक है। यह अगस्त में यात्री वाहनों की अब तक की सबसे अधिक बिक्री है और पहली बार अगस्त में यात्री वाहन बिक्री 4 लाख यूनिट के आंकड़े को पार कर गई है। हालांकि, मासिक आधार पर बिक्री 3.40 प्रतिशत कम रही।

वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री 90,769 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 14.45 प्रतिशत अधिक है और अगस्त का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। हालांकि, मौसमी माल ढुलाई में सुस्ती के कारण मासिक आधार पर बिक्री 8.93 प्रतिशत कम रही।

इसके अलावा, तीन-पहिया वाहनों की बिक्री 1,22,281 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 8.64 प्रतिशत अधिक है। यह भी अगस्त में तीन-पहिया वाहनों की अब तक की सबसे अधिक बिक्री है। इनमें इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की हिस्सेदारी 65.30 प्रतिशत रही।

रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर के लिए ऑटो डीलरों का रुख सकारात्मक बना हुआ है, हालांकि जुलाई के उच्चतम स्तर की तुलना में इसमें कुछ नरमी आई है।

फाडा के अनुसार, डीलरों की उम्मीदें अब शुरू हो रहे प्रमुख त्योहारी सीजन पर टिकी हैं। इसमें गणेश चतुर्थी, ओणम की खरीदारी का सितंबर में जारी रहना और नवरात्रि की शुरुआत शामिल हैं। करीब 43.59 प्रतिशत डीलरों ने बताया कि त्योहारी सीजन के लिए बुकिंग का पाइपलाइन पहले से बनना शुरू हो गई है।

हालांकि, इसके विपरीत डीलरों के सामने मानसून की कमी बढ़ने से ग्रामीण इलाकों से मांग संबंधी पूछताछ प्रभावित होने की चिंता है। इसके अलावा, 1 सितंबर से लागू वाहन निर्माताओं (ओईएम) की नई कीमतों में बढ़ोतरी भी एक चुनौती है।

  इनपुट : आईएएनएस

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
KNOCKOUT NEWZ DIGITAL

Welcome to Knockout Newz Website. - Knockout Newz brings you the latest Breaking News, India News, Uttar Pradesh News, cities news, Politics, Trending, Sports, Entertainment, Business and Technology updates. Stay informed with fast, accurate and reliable journalism.

Comments (0)

User